छोटी दिवाली पर दीपों से जगमगाई काशी, बाजारों में उमड़ी भीड़, मिनी स्टेडियम में खिलाड़ियों ने जलाए 25 हजार दीप
वाराणसी, 07 नवंबर (हि.स.)। ज्योति पर्व दीपावली की पूर्व संध्या पर शनिवार शाम को धर्मनगरी काशी दीपों की रोशनी और रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से जगमगा उठी। छोटी दिवाली (नरक चतुर्दशी) पर शहर के घरों, मंदिरों, मठों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में दीप जलाए गए। वहीं, प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। परंपरा के अनुसार लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों के बाहर यम के नाम का दीप जलाकर सुख-समृद्धि और अकाल मृत्यु से मुक्ति की कामना की।
पर्व पर लोगों ने प्रदोष काल में तिल के तेल से भरे दीपक जलाकर यमराज के साथ ब्रह्मा, विष्णु और महेश के नाम से भी दीपदान किया। मंदिरों, मठों, बाग-बगीचों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर दीपों की कतारें आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। काशी में मान्यता है कि नरक चतुर्दशी पर यम के निमित्त दीपदान करने से अकाल मृत्यु का भय दूर होता है।
शहर की बहुमंजिली इमारतों से लेकर घर और व्यापारिक प्रतिष्ठान तक रंगीन रोशनी से नहाए नजर आए। प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक पार्कों और शैक्षणिक संस्थानों में भी आकर्षक विद्युत सजावट की गई। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर रोशनी से जगमगाते रहे। बीएचयू के लंका स्थित सिंहद्वार पर महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की आदमकद प्रतिमा रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से सजी रही।
——लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की खरीदारी को बाजारों में उमड़ी भीड़
छोटी दिवाली पर दीपावली पूजन की तैयारियों को लेकर बाजारों में दिनभर चहल-पहल रही। घरों में पूजन के लिए मिट्टी से बनी लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं की खूब बिक्री हुई। शहर के विभिन्न इलाकों में सड़क किनारे सजे अस्थायी स्टालों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही।
लहुराबीर, जगतगंज, चेतगंज, नई सड़क, गोदौलिया, दशाश्वमेध, जद्दूमंडी, लंका, अस्सी, लहरतारा, मंडुवाडीह, पांडेयपुर और अर्दली बाजार सहित अन्य क्षेत्रों में लोगों ने जमकर खरीदारी की। मिट्टी की प्रतिमाओं के साथ गाय के गोबर से निर्मित लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों और अन्य शुभ प्रतीक चिह्नों की भी मांग रही। बच्चों में भी पर्व को लेकर खासा उत्साह दिखा। उन्होंने परिजनों के साथ पटाखे और फुलझड़ियां जलाकर छोटी दिवाली की खुशियां मनाईं।
——मिनी स्टेडियम में खिलाड़ियों ने जलाए 25 हजार दीप, रोशनी से जगमगाया खेल परिसर
दीपावली की पूर्व संध्या पर शिवपुर के परमानंदपुर स्थित मिनी स्टेडियम में अनूठा दीपोत्सव आयोजित किया गया। यहां विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों ने राष्ट्र के नाम 25 हजार दीप जलाकर परिसर को रोशनी से सराबोर कर दिया। दीपों की जगमगाहट के बीच हुई आतिशबाजी ने आयोजन की छटा और बढ़ा दी। कुछ देर के लिए पूरा खेल परिसर सांस्कृतिक एकता और सामूहिक उत्साह का प्रतीक बन गया। कार्यक्रम के आयोजक उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने बताया कि दीपोत्सव में हॉकी, हैंडबॉल, रग्बी, टेबल टेनिस, मिक्स्ड मार्शल आर्ट, जूडो और एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल विधाओं के करीब 410 खिलाड़ियों ने भाग लिया। सभी खिलाड़ियों ने एकजुट होकर मिनी स्टेडियम के अलग-अलग खेल मैदानों और ट्रैकों पर लगभग 25 हजार मिट्टी के दीप और मोमबत्तियां जलाकर रोशनी की अलौकिक छटा बिखेरी। आयोजन के माध्यम से खिलाड़ियों ने दीपोत्सव को राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समरसता और सामूहिक सहभागिता का संदेश देने वाला उत्सव बना दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी