डॉक्टर्स डे पर विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने चिकित्सकों का किया सम्मान
—वाराणसी में विशेष संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान का शुभारंभ,जन जागरूकता रैली को विधायक ने दिखाई हरी झंडी
वाराणसी, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर बुधवार को शहर दक्षिणी के विधायक व प्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी ने चिकित्सकों का सम्मान किया। कार्यक्रम में विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. निकुंज वर्मा, डॉ. सौरभ सिंह तथा डॉ. अजय सिंह को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चिकित्सक अपने ज्ञान, सेवा एवं समर्पण से समाज को स्वस्थ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चिकित्सकों की सेवाएं सदैव सम्मान और प्रेरणा का विषय हैं। इसके पहले कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी, दुर्गाकुंड परिसर से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ कर विधायक डॉ तिवारी ने जन-जागरूकता रैली को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया । यह रैली मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से निकलकर दुर्गाकुंड, लंका, बीएचयू होते हुए शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गाकुंड पर समाप्त हुई। रैली में नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए संचारी रोगों से बचाव के प्रति आमजन को जागरूक किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का उद्देश्य केवल रोगों का उपचार नहीं, बल्कि जन-जागरूकता के माध्यम से उनकी रोकथाम सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, जलभराव की रोकथाम तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त कर डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, एईएस एवं जापानी इंसेफेलाइटिस जैसे रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य विभागों के साथ मिलकर इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि पूरे जुलाई माह संचालित होने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों के समन्वय से स्वच्छता अभियान, झाड़ियों की कटाई, नालियों की सफाई, सोर्स रिडक्शन, एंटी लार्वा गतिविधियां, फॉगिंग, जन-जागरूकता कार्यक्रम एवं रोग नियंत्रण संबंधी कार्य किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दस्तक अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बुखार, टीबी, कुपोषण तथा अन्य संचारी रोगों के संभावित मरीजों की पहचान कर आवश्यक जांच एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगी।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी का आभार जताया। उन्होंने जनपद में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, स्वास्थ्य संस्थानों के विकास तथा जनहित में विधायक के कराए गए उल्लेखनीय कार्यों की जमकर सराहना की। कार्यक्रम में भाजपा के स्थानीय पार्षद, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. शिशिर, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. शरद चंद पाण्डेय, मलेरिया अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अफसर भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी