वाराणसी : सेंट्रल हिन्दू गर्ल्स स्कूल की बदली यूनिफॉर्म, नई ड्रेस को मिली मंजूरी

 


——खेलकूद के लिए चारों हाउस की अलग-अलग रंगों की यूनिफॉर्म भी स्वीकृत

वाराणसी, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से संचालित सेंट्रल हिन्दू गर्ल्स स्कूल की यूनिफॉर्म में बदलाव किया गया है। छात्राओं की लंबे समय से चली आ रही मांग और सफेद यूनिफॉर्म से जुड़ी व्यावहारिक कठिनाइयों को देखते हुए विद्यालय की नई यूनिफॉर्म को मंजूरी दी गई है।

नई यूनिफॉर्म में नीले रंग का जैकेट और ट्राउजर तथा नीले चेक वाला कुर्ता शामिल किया गया है। इसके साथ ही खेलकूद गतिविधियों के लिए विद्यालय के चारों हाउस की अलग-अलग रंगों की यूनिफॉर्म को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। मंगलवार को विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रो. मधु कुशवाहा ने बताया कि वर्तमान में छात्राओं के लिए सफेद यूनिफॉर्म लागू है। सफेद यूनिफॉर्म को लेकर छात्राओं को होने वाली विभिन्न व्यावहारिक परेशानियों के मद्देनजर लंबे समय से इसमें बदलाव की मांग की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए नई यूनिफॉर्म तैयार की गई है।

उन्होंने बताया कि कक्षा 6, 8 और 11 में नवप्रवेशित छात्राओं को नई यूनिफॉर्म बनवाने के लिए 30 सितंबर तक का समय दिया गया है। विद्यालय में पहले से अध्ययनरत छात्राओं के लिए फिलहाल नई यूनिफॉर्म लेना अनिवार्य नहीं है। वे अपनी सुविधा के अनुसार नई यूनिफॉर्म अपना सकती हैं या वर्तमान यूनिफॉर्म में ही पढ़ाई जारी रख सकती हैं। विद्यालय की सभी छात्राओं के लिए अप्रैल 2028 से नई यूनिफॉर्म अनिवार्य कर दी जाएगी।

बीएचयू स्कूल बोर्ड की उपाध्यक्ष प्रो. नंदिता घोषाल ने बताया कि यूनिफॉर्म में बदलाव का निर्णय कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि नई यूनिफॉर्म को लेकर छात्राओं में उत्साह है। यूनिफॉर्म डिजाइन समिति ने छात्राओं के हितों और उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नई यूनिफॉर्म तैयार की है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी