श्री काशी विश्वनाथ धाम में रामदरबार का पूजन,रामजन्मोत्सव पर धार्मिक अनुष्ठान
वाराणसी,27 मार्च (हि.स.)। वासंतिक चैत्र नवरात्र के नवमी तिथि रामनवमी पर शुक्रवार को श्री काशी विश्वनाथ दरबार में भगवान राम के जन्मोत्सव पर उत्सव सरीखा नजारा दिखा। आस्था और भक्ति के संगम के बीच मंदिर में विधि—विधान से रामदरबार का पूजन किया गया और प्रभु भगवान के जन्मोत्सव को स्मरण किया गया। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में मंदिर न्यास की ओर से रामदरबार (श्रीराम, लक्ष्मण, सीता एवं हनुमान) की विधिवत पूजन-अर्चना संपन्न की गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए, जिनमें मंदिर के शास्त्रियों ने पूजन कार्य संपन्न कराया। मान्यता है कि त्रेतायुग में अयोध्या नगरी में राजा दशरथ के यहाँ चैत्र शुक्ल नवमी को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम का अवतरण हुआ था। प्रभु श्रीराम ने धर्म, सत्य और आदर्श जीवन का संदेश देकर मानव समाज को श्रेष्ठ मार्ग प्रदान किया। इस अवसर पर मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से प्रभु श्रीराम का स्मरण किया तथा उनके आदर्शों का अनुसरण करने का संकल्प लिया। संपूर्ण मंदिर परिसर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से परिपूर्ण रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी