चैत्र नवरात्र: तीसरे दिन सौभाग्य गौरी और मां चंद्रघंटा के दरबार में श्रद्धालुओं ने हाजिरी लगाई
वाराणसी,21 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र के तीसरा दिन काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ की नगरी में सौभाग्य गौरी और देवी चित्रघंटा को समर्पित है। शनिवार को श्रद्धालुओं ने परम्परानुसार नवदुर्गा स्वरूप देवी चंद्रघंटा और सौभाग्य गौरी के दरबार में पूरे आस्था के साथ मत्था टेका। जीवन में सौभाग्य के आगमन के लिए श्रद्धालु माता रानी के दरबार में अर्जी भी लगाते रहे। इस दौरान दोनों देवी मंदिर उनके जयकारे से गुंजायमान रहा। दोनों मंदिरों में दर्शन पूजन के लिए श्रद्धालु नर—नारी तड़के तीन बजे से ही पहुंचते रहे। दोनों मंदिरों के द्वार से लेकर गलियों तक कतारबद्ध श्रद्धालु अपनी बारी आने पर दर्शन पूजन करते रहे। मां चंद्रघंटा के चौक चित्रघंटा गली स्थित दरबार में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें पूर्वांह तक बनी रही। भक्तगण अपनी बारी का बेसब्री से इंतजार करते हुए माता के दरबार में नारियल, चुनरी अर्पित कर श्रद्धा भाव से मत्था टेकते रहे और परिवार में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर सांचे दरबार की जय, जय माता दी के जयकारों से गूंजता रहा। दोनों मंदिरों में तड़के माता रानी के विग्रह को महंत की देखरेख में पंचामृत स्नान कराकर किया गया। इसके पश्चात विग्रह को नवीन वस्त्र पहनाकर श्रृंगार किया गया। भोग अर्पित करने के बाद मंगला आरती की गई और तत्पश्चात मंदिर का पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। ----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी