श्री काशी विश्वनाथ धाम से मां श्रृंगार गौरी व शक्तिपीठ मां विशालाक्षी के दरबार में भेजी गई श्रृंगार सामग्री
वाराणसी,22 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी (काशी) में वासंतिक चैत्र नवरात्र का चौथा दिन मां श्रृंगार गौरी को समर्पित है। रविवार को श्री काशी विश्वनाथ दरबार से मां श्रृंगार गौरी और शक्तिपीठ माता विशालाक्षी मीरघाट स्थित दरबार में वस्त्र और श्रृंगार सामग्री भेजा गया।
परम्परानुसार मां के दरबार में श्रृंगार सामग्री भेजने के पूर्व पूरा सामग्री श्री काशी विश्वनाथ (श्री विश्वेश्वर) के पावन ज्योर्तिलिंग को मंदिर के आचार्यो और शास्त्रियों की देखरेख और मंत्रोंच्चार के बीच अवलोकित कराया गया। इसके बाद उपहार स्वरूप मां के धारण किए जाने के लिए वस्त्र एवं श्रृंगार सामग्री मंदिर के शास्त्रियों द्वारा विधिपूर्वक माँ श्रृंगार गौरी तथा शक्तिपीठ माता विशालाक्षी को अर्पित की गई। मंदिर न्यास के अनुसार चैत्र नवरात्र के आगामी दिनों में भी माँ गौरी के विभिन्न स्वरूपों, जिनके लिए जो दिन समर्पित है, उनके लिए वस्त्र एवं श्रृंगार सामग्री श्री विश्वेश्वर से अवलोकित करवा कर उपहार स्वरूप नवरात्र अवधि में प्रतिदिन प्रेषित की जाएगी।
उधर,चैत्र नवरात्र के चौथे दिन ज्ञानवापी क्षेत्र में स्थित माता श्रृंगार गौरी के दर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। आम श्रद्धालुओं ने पूर्णतः शांतिपूर्ण वातावरण में दर्शन पूजन किया। दर्शन के लिए आए सभी श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और अनुशासन के साथ माता के विग्रह स्थल पर प्रवेश किया। मंदिर प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाएं सुचारु रहीं, जिससे किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी