श्री काशी विश्वनाथ धाम से मंगलागौरी दरबार में भेजा गया वस्त्र और श्रृंगार सामग्री
वाराणसी, 24 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में वासंतिक चैत्र नवरात्र के छठें दिन मंगलवार को श्री काशी विश्वनाथ दरबार से माता मंगलागौरी मंदिर में वस्त्र और श्रृंगार सामग्री पूरे उल्लास के साथ भेजी गई। उपहार भेजने के पहले श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्री विश्वेश्वर को श्रृंगार सामग्री अवलोकित करवाया गया। इसके बाद उपहार स्वरूप मां के विग्रह को धारण कराने के लिए वस्त्र एवं श्रृंगार सामग्री मंदिर के शास्त्रियों ने विधिपूर्वक भेजा।
उपहार शक्तिपीठ माता विशालाक्षी को भी अर्पित की गई। उधर, धाम में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन भी किया जा रहा है। धाम में देवी स्वरूप स्थापित कलश को मंदिर के शास्त्रियों ने पूजा। इसके बाद दुर्गा पाठ के माध्यम से विधिवत आराधना भी की। इस पवित्र अनुष्ठान में भक्तिभाव और आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष संचार हुआ। मंदिर प्रशासन के अनुसार, यह दुर्गा पाठ प्रतिदिन नियमित रूप से मंदिर के शास्त्रियों द्वारा माता की आराधना में हो रहा है। इस आयोजन से संपूर्ण धाम में भक्तिमय वातावरण व्याप्त है तथा श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी