वाराणसी : विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने वरिष्ठ नागरिकों को पुष्प की माला पहनाकर किया सम्मान

 


26 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर की कैंट विधानसभा सीट से विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने गुरुवार को कैण्ट मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ माधोपुर में घर-घर जाकर क्षेत्रवासियों से मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने वरिष्ठ नागरिकों को पुष्प की माला पहनाकर उनका सम्मान किया।

विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि जनता के बीच रहना, उनके सुख-दुःख में सहभागी बनना और उनकी समस्याओं को सुनना ही जनसेवा का सच्चा भाव है।

अपनों के बीच बैठकर आज उनका कुशलक्षेम जाना, स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त कर उनकी समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुना। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का पत्रक जन-जन तक पहुँचाते हुए वरिष्ठ नागरिकों का माला पहनाकर सम्मान किया है। साथ ही, नए मतदाताओं को लोकतंत्र की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए फॉर्म- 6 का वितरण किया।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों से मिले अपनत्व, विश्वास और आशीर्वाद ने मेरे जनसेवा के संकल्प को और मजबूत किया है। समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हमारी निरंतर प्राथमिकता है। क्षेत्र वासियों का स्नेह और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। जनता के बीच, जनता के साथ और जनता की सेवा में सदैव समर्पित रहूंगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद