प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का सार्वजनिक जीवन खुली किताब : संजीव सिंह
कांग्रेस ने योगी सरकार पर साधा निशाना, मंत्रियों-विधायकों की संपत्ति की जांच की उठाई मांग
वाराणसी, 29 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता संजीव सिंह ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यदि सरकार वास्तव में भय और भ्रष्टाचारमुक्त शासन देने का दावा करती है, तो उसे जनहित में अपने मंत्रियों और विधायकों की संपत्तियों की भी जांच करानी चाहिए।
शुक्रवार को लहुराबीर स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में संजीव सिंह ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए और सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महोबा में एक दलित छात्रा का अपहरण कर 16 दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म और अमानवीय व्यवहार किया गया, लेकिन सरकार का कोई मंत्री या विधायक पीड़िता और उसके परिवार से मिलने नहीं पहुंचा।
उन्होंने कहा कि जब उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय पीड़िता के घर संवेदना व्यक्त करने जा रहे थे, तब प्रशासन ने उन्हें रोकने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन वह पीड़िता के घर पहुंचे। संजीव सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार अजय राय के इस मानवीय कदम से विचलित हो गई और भाजपा के मंत्री, विधायक तथा पदाधिकारी उनके विरोध में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा अजय राय की संपत्ति जांच की मांग करना हास्यास्पद है। उन्होंने दावा किया कि अजय राय का सार्वजनिक जीवन “खुली किताब” की तरह है, जबकि सरकार के कई मंत्री और विधायक भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे हुए हैं।
संजीव सिंह ने आगरा नगर निगम द्वारा निजी बिजली कंपनी टोरंट का 430 करोड़ रुपये माफ किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे पहले भी हजारों करोड़ रुपये पूंजीपतियों के हित में छोड़े गए हैं। उन्होंने वाराणसी में विकास योजनाओं के नाम पर किसानों की जमीन औने-पौने दाम पर अधिग्रहीत करने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार में साहस है तो वह अपने मंत्रियों और विधायकों की संपत्ति तथा संगठित अपराधों की जांच कराए। इससे पिछले नौ वर्षों में हुए भ्रष्टाचार और अपराधों का खुलासा हो जाएगा। उन्होंने मिड-डे मील, हर घर जल योजना, सड़क निर्माण, अस्पताल, दवा खरीद और मनरेगा में भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने कहा कि अजय राय पर दर्ज अधिकांश मुकदमे कोरोना काल और प्रतिकार यात्रा के दौरान के हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने प्रतिकार यात्रा के अन्य आरोपियों के नाम हटवा दिए, लेकिन अजय राय का नाम अब तक नहीं हटाया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे, सतनाम सिंह सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी