वाराणसी : रोडवेज की अनुबंधित बस और पर्यटक बस में टक्कर,6 यात्री घायल

 

वाराणसी,07 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के सारनाथ थाना क्षेत्र में रविवार तड़के रोडवेज की अनुबंधित जनरथ बस और एक पर्यटक बस के बीच हुई टक्कर में छह यात्री घायल हो गए। इनमें चार लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

पुलिस के अनुसार, कानपुर से करीब 15 यात्रियों को लेकर गाजीपुर जा रही रोडवेज की अनुबंधित जनरथ बस सुबह लगभग 5:20 बजे पुराना आरटीओ चौराहे के पास पहुंची थी। इसी दौरान हवेलिया चौराहे की ओर से लगभग 50 यात्रियों को लेकर वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन जा रही एक पर्यटक बस से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में पर्यटक बस में सवार मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के वार्ड नंबर-2 निवासी दुर्गा प्रसाद कुम्हार (69), उनकी पत्नी भगवती देवी (65), पर्यटक बस के चालक तथा पर्यवेक्षक विनीता जैन गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा रोडवेज बस के चालक नवनीत मिश्रा (52) को भी चोटें आई हैं।

घायलों ने बताया कि वे सभी मध्यप्रदेश के निवाड़ी से अयोध्या और काशी दर्शन के लिए निकले थे। पांच जून को सारनाथ पहुंचने के बाद वाराणसी भ्रमण कर रहे थे। रविवार सुबह उन्हें वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन से अयोध्या रवाना होना था, जिसके लिए पर्यटक बस उन्हें स्टेशन छोड़ने जा रही थी। सारनाथ थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गया। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटनाग्रस्त दोनों बसों को कब्जे में लेकर थाने लाया गया है। साथ ही घायलों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी