बाबा दरबार के ललिता घाट से गंगाजल लेकर बाबा का जलाभिषेक करेंगे सेवा यात्री, वडनगर तक जाएगी यात्रा

 


डमरुओं की गूंज और शंखनाद के बीच 51 सेवा यात्री पहुंचेंगे बाबा दरबार, बटुक करेंगे वैदिक अनुष्ठान

वाराणसी, 15 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी (वाराणसी) में गंगा और बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद के साथ 17 सितंबर को ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ का शुभारंभ होगा। बाबा दरबार के सामने स्थित ललिता घाट से 51 सेवा यात्री (बाइकर्स) गंगा जल भरकर डमरु दल की गूंज और शंखनाद के बीच बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेंगे। वहां गंगाजल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष अनुष्ठान होगा। काशी से गंगाजल लेकर शुरू होने वाली यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वडनगर तक जाएगी।

यह जानकारी मंगलवार शाम को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने पार्टी कार्यकर्ताओं को दी।

रोहनिया स्थित पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय पर कार्यक्रम की व्यवस्था में लगे प्रमुख पदाधिकारियों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओ को क्षेत्रीय अध्यक्ष ने दिशा निर्देश भी दिया। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को पूर्वांह 10 बजे 51 सेवा यात्री (बाइकर्स) ललिता घाट पर पहुंचेंगे। गंगा जल भरने के बाद डमरु दल और शंखनाद के बीच बाबा विश्वनाथ मंदिर के लिए रवाना होंगे। बाबा दरबार में पहुंचकर सभी सेवा यात्री गंगाजल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद मंदिर में बटुकों द्वारा मंत्रोच्चार किया जायेगा इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना की जाएगी। काशी की गंगा से भरा जल बाबा को अर्पित करने के बाद सेवा यात्री उसी आस्था और संकल्प के साथ रुद्राक्ष कंवेशन सेंटर से प्लेग ऑफ़ के बाद वडनगर की यात्रा पर निकलेंगे।

क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि कार्यक्रम के राष्ट्रीय संयोजक एवं सांसद वी. डी. शर्मा काशी में सेवा यात्रियों का उत्साहवर्धन करेंगे, जबकि भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी वडनगर में सेवा यात्रियों के स्वागत और उत्साहवर्धन के लिए मौजूद रहेंगे।

—रुद्राक्ष में पीएम के 25 वर्षों की यात्रा की झलक, फिर रवाना होंगे सेवा यात्री

17 सितंबर को ही सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में दोपहर 12 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के राजनीतिक जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का अतिथिगण अवलोकन करेंगे। इसके बाद जनसभा होगी। जनसभा के बाद रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, कार्यक्रम संयोजक व सांसद वी डी शर्मा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। रुद्राक्ष के बाहर यात्रा रवाना होने से पहले गुब्बारे छोड़े जाएंगे। इसके बाद अतिथिगण प्लेग ऑफ कर सेवा यात्रियों को वडनगर के लिए रवाना करेंगे। रुद्राक्ष से निकलने के बाद सेवा यात्रियों का वाराणसी की सीमा तक लगभग दस स्थानों पर काशीवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा। यात्रा को लेकर इन स्थानों पर तैयारियां की जा रही हैं।

अशोक चौरसिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने और जन्मदिन के अवसर पर भाजपा का एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। काशी से वडनगर तक निकलने वाली बाइक यात्रा इसी अभियान का प्रमुख हिस्सा है। गंगा जल से भरे कलश, बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक, डमरुओं की गूंज और शंखनाद के बीच शुरू होने वाली यह यात्रा काशी की धार्मिक आस्था को सेवा और संकल्प के संदेश से जोड़ेगी।

बैठक में काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, राकेश शर्मा,विपिन सिंह,अनिल श्रीवास्तव,अनूप जायसवाल,अमित राय, प्रवीण सिंह गौतम,जगदीश त्रिपाठी,देवेन्द्र मौर्या, सतीश पांडेय,अनिल गुप्ता, संतोष सोलापुरकर, राहुल सिंह, आत्मविशेश्वर आदि की उपस्थिति रही।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी