विपक्षी दल केवल कागजों पर पीडीए की बात करते हैं : सरोज कुशवाहा
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन को बूथ स्तर पर मजबूती के लिए दिया मंत्र
वाराणसी, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की नव नियुक्त अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से पार्टी संगठन के 16 जिलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बूथ की मजबूती के लिए मंत्र दिया। उन्होंने प्रत्येक बूथ तक महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, भागीदारी और नेतृत्व को सबसे अधिक अवसर भाजपा ने दिए हैं।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पहली बार वाराणसी दौरे पर आई थी। रोहनिया स्थित क्षेत्र कार्यालय पर ढोल-नगाडे़ के बीच गुलाब की पंखुडियों की वर्षा कर महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष ने एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित क्षेत्र कार्यसमिति की बैठक में भाग लिया। बैठक में उन्होंने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत महिला कार्यकर्ता हैं। उन्होंने हर बूथ पर 11 सदस्यीय महिला समिति गठित करने का आह्वान करते हुए कहा कि बूथ स्तर पर महिलाओं का मजबूत संगठन तैयार होगा, तभी वे मंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर नेतृत्व की जिम्मेदारियां संभालेंगी। उन्होंने कहा कि संगठन की नीतियों और सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों को घर घर जाकर महिलाओं को बताएं व अधिक से अधिक महिलाओं को भाजपा से जोड़े। केंद्र व राज्य सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए किये जा रहे कार्यों को बताए।
सरोज कुशवाहा ने कहा कि पार्टी ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है और वह पिछले 32 वर्षों से भाजपा संगठन में कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल में भाजपा जितनी महिला कार्यकर्ता और महिलाओं को नेतृत्व देने की परंपरा नहीं है। सरोज कुशवाहा ने कहा कि विपक्षी दल केवल कागजों पर पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की बात करते हैं। कांग्रेस ने 70 साल राज किया। उनकी मुख्य कमान हमेशा एक महिला के हाथ में रही, लेकिन उन्होंने महिलाओं के लिए क्या किया? आज प्रियंका वाड्रा नारा देती हैं, 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं', लेकिन उनकी दादी प्रधानमंत्री रहीं और माताजी कांग्रेस की अध्यक्ष रही, सत्ता के शीर्ष पर थीं। सच्चाई यह है कि विपक्ष के पास जमीनी महिला कार्यकर्ता ही नहीं हैं। उन्हें डर है कि अगर 33 फीसद आरक्षण पूरी तरह लागू हो गया, तो वे उम्मीदवार कहां से लाएंगे? वे तो सिर्फ अपने परिवार की महिलाओं को राजनीति में लाते हैं।
सरोज कुशवाहा ने कहा कि भाजपा लंबे समय से महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिलाने की पक्षधर रही है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं को संसद में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने कभी जाति तो कभी अन्य मुद्दों का हवाला देकर महिला आरक्षण को टालने का प्रयास किया, जबकि भाजपा ने इसे आगे बढ़ाने का काम किया है। बैठक में स्वागत उद्बोधन महिला मोर्चा काशी क्षेत्र की अध्यक्ष नम्रता चौरसिया और संचालन सुनीता सिंह ने किया।
—प्रदेश अध्यक्ष ने क्षेत्र कार्यालय पर किया पौधरोपण
'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने रोहनिया स्थित क्षेत्र कार्यालय पर आम व अमरुद का पौधा लगाया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी