यूपी विधानसभा चुनाव से पूर्व भाजपा ने संगठन को बूथ स्तर पर सक्रिय करने पर दिया जोर
धर्मपाल सिंह ने काशी क्षेत्र के जिला प्रभारियों व मंडल अध्यक्षों संग की समीक्षा बैठक
वाराणसी, 01 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पूर्व पार्टी संगठन को बूथ स्तर पर सक्रिय करने पर खासा जोर दिया है। पार्टी के उत्तर प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने रविवार को काशी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी 16 जिलों के जिला प्रभारियों, बीएलए-1 वाराणसी जिला एवं महानगर के सभी मंडल अध्यक्षों के साथ सर्किट हाउस में अलग-अलग बैठक की।
बैठक में उन्होंने जनसेवा की राह में आने वाली चुनौतियों के समाधान, कार्यशैली में नवाचार तथा संगठन को अधिक प्रभावी, गतिशील एवं जनकेंद्रित बनाने पर विस्तार से चर्चा की। संगठन महामंत्री ने मतदाता गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि दो दिन बाद होली का पावन पर्व है। इस अवसर पर सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों पर जाकर मतदाताओं से मिलें, उन्हें होली की शुभकामनाएं दें तथा यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम एसआईआर के दौरान अनमैप न हुआ हो। उन्होंने निर्देश दिया कि यदि किसी मतदाता को नोटिस प्राप्त हुई हो तो उसका कारण जानें । आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित प्रपत्र बीएलओ के पास जमा कराएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन युवाओं की आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उनसे फार्म-6 भरवाकर बीएलओ के पास जमा कराया जाए, ताकि वे मतदाता सूची में शामिल हो सकें।
—प्रशिक्षण महाअभियान से कार्यकर्ताओं का व्यक्तित्व निर्माण
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि होली के पश्चात पं. दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान–2026 के तहत मंडल स्तर की कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक मंडल की कार्यशाला अलग-अलग होगी, जिसके बाद जिला, क्षेत्र एवं प्रदेश स्तर की कार्यशालाएं संपन्न होंगी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण केवल जानकारी देने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह कार्यकर्ता के व्यक्तित्व निर्माण की प्रक्रिया है। बैठक की अध्यक्षता एवं मुख्य अतिथि का स्वागत क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने किया। बैठक में जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा,प्रदेश मंत्री शंकर गिरी, मीना चौबे, कौशलेंद्र सिंह पटेल, राजेश राजभर, नागेंद्र रघुवंशी, नवरतन राठी, अनिल श्रीवास्तव, संतोष सोलापुरकर, जगदीश त्रिपाठी आदि की मौजूदगी रही।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी