बंगाल में भाजपा सरकार बनने पर उप्र के वाराणसी में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मां गंगा का किया दुग्धाभिषेक
-काशी में बोले कार्यकर्ता,सनातन संस्कृति एवं हिंदू समाज को नई स्वतंत्रता और सम्मान प्राप्त
वाराणसी, 09 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ऐतिहासिक जीत के बाद शनिवार को सरकार बनते ही धर्म नगरी काशी में पार्टी के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन एवं दुग्धाभिषेक किया। मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल की अगुआई में कार्यकर्ताओं ने मां गंगा का पूजन कर पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी सरकार के सफल होने की कामना की। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने इस मौके पर बंगाल में मारे गए पार्टी के उन कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि भी अर्पित की, जिन्होंने बंगाल में भाजपा का भगवा लहराने के लिए संघर्ष करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी।
मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अनूप जायसवाल ने कहा कि आज का दिन सनातनियों के लिए गौरव और आत्मसम्मान का प्रतीक है। अब राज्य में ‘भयमुक्त प्रशासन’ का दौर शुरू होगा। सरकारी संस्थाएं निष्पक्ष तरीके से काम करेंगी। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सोमनाथ विश्वकर्मा ने कहा कि गंगोत्री से गंगासागर तक भारतीय जनता पार्टी का परचम लहराया है। बंगाल में लगभग 70 वर्षों बाद सनातन संस्कृति एवं हिंदू समाज को नई स्वतंत्रता और सम्मान प्राप्त हुआ है। तुष्टिकरण की राजनीति खत्म होगी। अन्य नेताओं ने बंगाल विजय में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, पार्टी के बंगाल प्रभारी भूपेंद्र यादव, राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जिक्र कर उनका प्रतीक रूप से अभिनंदन किया। और कहा कि इन सभी के नेतृत्व में राष्ट्रवाद एवं सनातन संस्कृति को नई शक्ति मिली है।
कार्यक्रम का संचालन ओमप्रकाश यादव ‘बाबू’ एवं राजेश दुबे ने किया। धन्यवाद ज्ञापन विकास यादव एवं नवीन कसेरा ने संयुक्त रूप से किया। गंगा पूजन पंडित कृष्णकांत के आचार्यत्व में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में धीरेंद्र शर्मा, शंकर जायसवाल, चन्द्र विजय सिंह, कुलदीप वर्मा, संजय गुप्ता, राहुल श्रीवास्तव, सुनील शर्मा, अखिल वर्मा आदि ने भागीदारी की।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी