भाजपा के नवनियुक्त क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह मंगलवार को आएंगे वाराणसी, स्वागत की तैयारी

 


—सर्किट हाउस में तीन अहम संगठनात्मक बैठकों में लेंगे भाग, 16 जिलों के जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी होंगे शामिल

वाराणसी, 10 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठनात्मक अभियान और आगामी कार्यक्रमों के बीच पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र के नवनियुक्त प्रभारी रमेश सिंह मंगलवार, 11 अगस्त को दो दिवसीय प्रवास पर पहली बार काशी पहुंचेंगे। उनके प्रथम आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है और लखनऊ से वाराणसी के बीच यात्रा मार्ग पर भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं। जगह-जगह होर्डिंग्स लगाए जा रहे हैं।

पार्टी के काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया के अनुसार, रमेश सिंह दिन में 12 बजे सड़क मार्ग से वाराणसी पहुंचेंगे। लखनऊ से चलकर जगदीशपुर, सुल्तानपुर, जौनपुर, मछलीशहर और बाबतपुर होते हुए उनके सर्किट हाउस पहुंचने तक विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जाएगा। क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह सर्किट हाउस में मंगलवार को क्रमवार तीन संगठनात्मक बैठकों को संबोधित करेंगे। पहली बैठक दोपहर 1 बजे होगी, जिसमें काशी क्षेत्र के सभी 16 संगठनात्मक जिलों के लोकसभा एवं राज्यसभा सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्ष, काशी क्षेत्र में रहने वाले प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्र पदाधिकारी, सातों मोर्चों के क्षेत्र अध्यक्ष, सभी 16 जिलों के जिलाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी शामिल होंगे।

अशोक चौरसिया ने बताया कि दूसरी बैठक अपराह्न 3 बजे होगी। इसमें वाराणसी महानगर एवं जिले के सभी पदाधिकारी, सातों मोर्चों के महानगर एवं जिलाध्यक्ष तथा जिले-महानगर के कुल 33 मंडल अध्यक्ष और मंडल प्रभारी शामिल होंगे। तीसरी बैठक शाम 5 बजे होगी, जिसमें 13 अगस्त को जिले में प्रस्तावित तिरंगा यात्रा की व्यवस्था टोली के साथ तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।

—बाबा विश्वनाथ के दरबार में करेंगे दर्शन

अशोक चौरसिया ने बताया कि क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह शाम 6 बजे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वे सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे और अगले दिन सुबह लखनऊ के लिए रवाना होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी