बूथ पर पार्टी की ताकत बढ़ाना बूथ अध्यक्ष का सबसे महत्वपूर्ण दायित्व : धर्मपाल सिंह

 




—भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन ने 'बूथ जीतो, चुनाव जीतो' भाजपा का मूल मंत्र बताया बोले-मजबूत बूथ संरचना से ही सुनिश्चित होगी विधानसभा चुनाव 2027 में जीत

वाराणसी, 22 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों की श्रृंखला के तहत बुधवार को काशी क्षेत्र की 71 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ सम्मेलन आयोजित किए गए। इसी क्रम में शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन पिपलानी कटरा स्थित सरोजा पैलेस में आयोजित हुआ, जिसमें विधानसभा के सभी 353 बूथ अध्यक्षों ने भाग लिया। सम्मेलन की व्यवस्था भी पूरी तरह संगठनात्मक स्वरूप में की गई थी। प्रत्येक बूथ अध्यक्ष के लिए निर्धारित सीट पर विधानसभा संख्या, बूथ क्रमांक और संबंधित बूथ अध्यक्ष का नाम अंकित था।

—'भाजपा की वास्तविक ताकत मजबूत बूथ में निहित'

सम्मेलन के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बूथवार सत्यापन कर संगठन की जमीनी स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 'बूथ जीतो, चुनाव जीतो' भाजपा का मूल मंत्र है और पार्टी की चुनावी सफलता मजबूत बूथ संरचना तथा प्रभावी बूथ प्रबंधन पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ में ही निहित है। इसलिए प्रत्येक बूथ को सशक्त बनाना बूथ अध्यक्ष का सबसे महत्वपूर्ण दायित्व है। भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत बूथ संरचना है। धर्मपाल सिंह ने सभी बूथ अध्यक्षों से बूथ सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक बूथ पर सक्रिय एवं प्राथमिक सदस्यों की सूची तैयार की जाए तथा पुराने और नए कार्यकर्ताओं, पूर्व पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से नियमित संपर्क और संवाद बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती केवल बैठकों से नहीं, बल्कि निरंतर संपर्क, समन्वय और सक्रिय भागीदारी से आती है। सभी कार्यक्रमों और अभियानों का प्रभावी क्रियान्वयन बूथ स्तर पर सुनिश्चित किया जाना चाहिए। बूथ अध्यक्ष अपनी समिति के प्रत्येक सदस्य को उसकी क्षमता के अनुरूप जिम्मेदारी देकर सक्रिय करें तथा बूथ पर अभेद्य संगठनात्मक व्यूह रचना तैयार कर भाजपा की जीत सुनिश्चित करें।

—'भाजपा में बूथ अध्यक्ष संगठन की ऊर्जा का केंद्र' : डॉ. नीलकंठ तिवारी

अतिथियों का स्वागत करते हुए शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और उसके सभी कार्यक्रमों व अभियानों को धरातल पर सफल बनाने में बूथ अध्यक्ष की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में बूथ अध्यक्ष ऊर्जा के केंद्र के रूप में कार्य करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय ही सक्रिय नहीं होता, बल्कि वह वर्षभर समाज के बीच रहकर सेवा कार्यों में जुटा रहता है।

—दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा वंदे मातरम् का सामूहिक गान हुआ। सम्मेलन का संचालन महानगर उपाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महानगर उपाध्यक्ष साधना वेदांती ने दिया।

इस अवसर पर भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, आत्मा विश्वेश्वर, जगदीश त्रिपाठी, इंजीनियर अशोक यादव, एडवोकेट अशोक जाटव, बबलू सेठ, राजीव सिंह डब्बू, तारकेश्वर गुप्ता 'बंटी', नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकर, गोपाल जी गुप्ता, संजय केशरी, अंकुर मल्होत्रा, नलिन नयन मिश्रा आदि भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी