तल्ख धूप में पक्षियों के लिए पहल : ‘वॉटर फॉर बर्ड्स’ अभियान के तहत लगाए गए प्याऊ
वाराणसी, 13 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में तल्ख धूप और गर्मी के बीच पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर में सराहनीय पहल की गई। विश्वविद्यालय के चौरा माता मंदिर परिसर में युवाओं ने ‘वॉटर फॉर बर्ड्स’ अभियान चलाया। इस अभियान के तहत पक्षियों के लिए लगभग दो दर्जन प्याऊ (जल पात्र) लगाए गए, जिससे गर्मी के मौसम में उन्हें पीने का पानी उपलब्ध हो सके।
यह पहल हनुमान शाखा के स्वच्छाग्रह अभियान के अंतर्गत की गई, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया गया। अभियान के संयोजक यशवर्धन तोमर और कुंवर कीर्ति कैवल्य ने सोमवार को यह जानकारी दी। दोनों ने संयुक्त रूप से बताया कि जनपद में लगातार बढ़ते तापमान के कारण पक्षियों के लिए जल की समस्या गंभीर हो जाती है, ऐसे में यह छोटा प्रयास उनके जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
बताया कि बीते दिनों विश्वविद्यालय परिसर में स्वच्छाग्रहियों ने व्यापक स्तर पर प्लास्टिक मुक्त अभियान भी चलाया था। इस अभियान के तहत छात्रों और स्थानीय लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में छात्र नेता प्रशांत राय, शोध छात्र रंजीत राय, उत्कर्ष पाठक, दीपेश कुमार, दिव्यांक दुबे, केशरी नंदन आदि ने भागीदारी की और लोगों से अपील की कि अपने घरों और आसपास के स्थानों पर जल पात्र रखे। ताकि प्रकृति और जीव-जंतुओं को गर्मियों में पीने का पानी उपलब्ध हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी