वाराणसी के पहाड़ी गेट, बरेका में नए केवी उपकेंद्र टेस्टिंग एवं कमीशनिंग का कार्य पूर्ण

 


—अब 5700 उपभोक्ताओं को मिलेगी निर्बाध बिजली

वाराणसी, 27 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने पहाड़ी गेट, बरेका पर नया 33/11 केवी उपकेंद्र आरम्भ किया है। सोमवार को उपकेंद्र पहाड़ी गेट गुणे पांच (एमवीए) का सफलतापूर्वक टेस्टिंग एवं कमीशनिंग का कार्य पूर्ण किया गया। अब इस नए केन्द्र से क्षेत्र को लो-वोल्टेज से जहां मुक्ति मिलेगी। वहीं, इस नए उपकेंद्र के प्रारंभ होने से अमरा खैरा, रोहनिया और मंडुआडीह उपकेंद्रों का लोड साझा होगा। इसका सीधा लाभ लगभग 5700 उपभोक्ताओं को मिलेगा। इस क्षेत्र में लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या से स्थाई समाधान मिलेगा।

पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड जनसम्पर्क कार्यालय के अनुसार, विद्युत तंत्र की विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए रिकॉर्ड समय में क्षेत्र के 9 प्रमुख 33/11 केवी उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इन उपकेंद्रों में पन्ना लाल पार्क, दौलतपुर, गोइठहाँ, रामनगर, भट्टी, काशीपुर, दीनदासपुर, गंजारी एवं सिंधोरा शामिल हैं। बताया गया कि इन उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ने से न केवल वर्तमान विद्युत मांग संतुलित होगी, बल्कि आगामी गर्मियों की संभावित लोड वृद्धि और तकनीकी चुनौतियों का सामना करने के लिए विद्युत तंत्र अब पहले से कहीं अधिक मजबूत और आधुनिक हो गया है।

—वितरण नेटवर्क का विस्तार : 735 परिवर्तकों की सौगात

उपभोक्ताओं की बढ़ती जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए निगम द्वारा अब तक 735 वितरण परिवर्तकों की स्थापना एवं क्षमता वृद्धि का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया है। इसमें 250 केवीए क्षमता के नए परिवर्तकों की स्थापना के साथ-साथ पुराने ट्रांसफार्मरों को अपग्रेड किया गया है। वर्तमान में 300 नए वितरण परिवर्तकों को स्थापित करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है, जो कि आगामी गर्मियों के दृष्टिगत क्रिटिकल है इन्हें एक सप्ताह के अंदर ऊर्जीकृत कर दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी