बीएचयू में चातुर्मासिक अंशकालीन योग सर्टिफिकेट कोर्स की शुरूआत अगस्त माह के अंत में
- प्रवेश लेने के लिए 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य, बीएचयू परिवार को वरियता
वाराणसी, 07 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय(बीएचयू) में
चातुर्मासिक अंशकालीन योग सर्टिफिकेट कोर्स सत्र 2026-27 के प्रथम प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरूआत अगस्त माह के चौथे सप्ताह में होगी। इसके लिए विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, कर्मचारियों, प्राध्यापकों तथा उनके परिवार के सदस्यों से निर्धारित आवेदन-पत्र आंमत्रित किया गया है। यह जानकारी मंगलवार विश्वविद्यालय के मालवीय भवन स्थित योग साधना केन्द्र के मानित निदेशक एवं समन्वयक ने दी।
उन्होंने बताया कि प्रथम प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्थान उपलब्ध रहने पर विश्वविद्यालय के बाहरी अभ्यर्थियों के आवेदन पर भी विचार किया जायेगा। इस कार्यक्रम में भाग लेने वालों को 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। आवेदन पत्र में उचित स्थान पर प्रमाणित छायाचित्र संलग्न होना चाहिए। अभ्यर्थी कक्षा 10 एवं 12 के अंकपत्रों के साथ अन्य समस्त शैक्षिक प्रपत्रों (यदि कोई हो) की छायाप्रति भी अवश्य संलग्न करें। आवेदन-पत्र लक्ष्मण दास अतिथि गृह के सामने प्रकाशन-विक्रय-पटल कार्यालय से 50 रुपये में 09 जुलाई, 2026 से प्राप्त किये जा सकते हैं। यथाविधि पूर्ण आवेदन-पत्र मालवीय भवन स्थित योग साधना केन्द्र, कार्यालय में कार्यालयीय समय पर 27 जुलाई 2026 तक जमा करना अनिवार्य है। प्रवेश समिति द्वारा निर्धारित मानदण्डों के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी होगी। अन्य आवश्यक सूचनाएँ योग साधना केन्द्र, मालवीय भवन, कार्यालय से प्राप्त की जा सकती हैं।------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी