उपलब्धि : बीएचयू को मिला कम लागत वाले पर्यावरणीय सिमुलेशन उपकरण का भारतीय पेटेंट

 


वाराणसी, 25 जून (हि.स.)। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) को छोटे प्रयोगात्मक पशुओं पर विभिन्न पर्यावरणीय परिस्थितियों के प्रभाव का अध्ययन करने वाले एक कम लागत एवं पोर्टेबल उपकरण तैयार करने के लिए भारतीय पेटेंट प्राप्त हुआ है। इस आविष्कार का शीर्षक है अ लो-कोस्ट एंड पोर्टेबल, स्मॉल एनिमल्स डिवाइस फॉर सिम्युलेशन ऑफ डिफरिंग एनवायरनमेंटल कंडीशन्स। यह आविष्कार बीएचयू चिकित्सा विज्ञान संस्थान, शरीर क्रिया विज्ञान विभाग में डॉ अनिल कुमार यादव ने डॉ. कुमार सर्वोत्तम के मार्गदर्शन में पीएच.डी. शोध कार्य के दौरान विकसित किया है।

यह उपकरण छोटे प्रयोगात्मक पशुओं के लिए कृत्रिम रूप से अलग-अलग पर्यावरणीय परिस्थितियाँ तैयार कर सकता है। इसके माध्यम से ऑक्सीजन की मात्रा, वायुदाब, तापमान, आर्द्रता (नमी), वायु की गुणवत्ता तथा प्रकाश जैसी परिस्थितियों को नियंत्रित किया जा सकता है। इससे वैज्ञानिकों को समझने में मदद मिलेगी कि बदलती पर्यावरणीय परिस्थितियों का जीवों के शरीर क्रिया और व्यवहार पर क्या प्रभाव पड़ता है। अब तक इस प्रकार के अधिकांश उपकरण या तो बहुत महंगे थे और एक समय में केवल एक-दो पर्यावरणीय स्थितियों का ही अध्ययन कर सकते थे। उपकरण से देश के सीमित संसाधनों वाले शैक्षणिक एवं अनुसंधान प्रयोगशालाओं को भी कम खर्च में आधुनिक शोध सुविधाएँ उपलब्ध हो सकेंगी। इस उपकरण का उपयोग उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कम ऑक्सीजन की स्थिति, वायु प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, श्वसन संबंधी रोगों, अंतरिक्ष एवं विमानन चिकित्सा तथा अन्य जैव-चिकित्सकीय अनुसंधानों में किया जा सकेगा। वैज्ञानिकों का मानना है कि यह उपकरण भविष्य में नई दवाओं के परीक्षण और मानव स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न शोधों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस आविष्कार के लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय को भारतीय पेटेंट प्रदान किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी