त्वचा, बाल और आंखों के रंग से जुड़े 5,146 जीन वेरिएंट्स का बीएचयू के वैज्ञानिकों ने तैयार किया दुनिया का सबसे बड़ा डेटाबेस

 


—663 शोधपत्रों के निष्कर्षों को एक मंच पर किया गया संकलित, 111 वर्णक विकारों की जानकारी भी उपलब्ध

वाराणसी, 14 नवम्बर (हि.स.)। चिकित्सा विज्ञान और आनुवंशिकी के क्षेत्र में काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के वैज्ञानिकों ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के विज्ञान संस्थान के सेंटर फॉर जेनेटिक डिसऑर्डर्स के शोधकर्ताओं ने मानव त्वचा, बाल और आंखों के रंग को निर्धारित करने वाले जीन और उनसे जुड़े आनुवंशिक बदलावों का दुनिया का सबसे विस्तृत डेटाबेस तैयार किया है। 'ह्यूमन पिगमेंटेशन डेटाबेस' (एचपीडीबी) नामक यह डिजिटल प्लेटफॉर्म पिगमेंटेशन से संबंधित शोध और चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

शोधकर्ताओं की यह उपलब्धि अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठित विज्ञान पत्रिका 'फ्रंटियर्स इन बायोइंफॉर्मेटिक्स' में प्रकाशित हुई है। यह डेटाबेस दुनिया भर के त्वचा रोग विशेषज्ञों, आनुवंशिकीविदों, चिकित्सा वैज्ञानिकों और शोधार्थियों को एक ही मंच पर महत्वपूर्ण वैज्ञानिक जानकारियां उपलब्ध कराएगा।

—663 शोधपत्रों के निष्कर्षों को एक मंच पर किया संकलित

मानव त्वचा, बाल और आंखों का रंग आनुवंशिक संरचना, पराबैंगनी विकिरण के प्रति विकासवादी अनुकूलन और विभिन्न आबादी के ऐतिहासिक विकास से प्रभावित होता है। इस विषय पर दुनिया भर में सैकड़ों शोध हो चुके हैं, लेकिन उनसे प्राप्त जानकारियां अलग-अलग वैज्ञानिक प्रकाशनों में बिखरी हुई थीं।

बीएचयू के वैज्ञानिकों ने इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए 663 सहकर्मी-समीक्षित शोधपत्रों के निष्कर्षों का व्यवस्थित संकलन किया है। इसके आधार पर तैयार एचपीडीबी में कुल 5,146 जीन वेरिएंट्स और 111 पिगमेंटेशन संबंधी विकारों की जानकारी उपलब्ध कराई गई है। इससे शोधकर्ताओं को अलग-अलग प्रकाशनों में जानकारी तलाशने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

—जीन और आनुवंशिक बदलावों की जानकारी मिलेगी चंद सेकंड में

एचपीडीबी में उपयोगकर्ताओं की सुविधा के लिए बुनियादी और उन्नत खोज की व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से शोधकर्ता जीन के नाम, जीन वेरिएंट पहचान संख्या (आरएसआईडी), आबादी, शोध प्रकाशन और क्रोमोसोम में जीन की स्थिति जैसे विभिन्न मानकों के आधार पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

इस डिजिटल प्लेटफॉर्म की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसका इस्तेमाल करने के लिए किसी पंजीकरण की आवश्यकता नहीं है। यह दुनिया भर के उपयोगकर्ताओं के लिए पूरी तरह निःशुल्क और ओपन-एक्सेस उपलब्ध है। इसका उद्देश्य मानव आनुवंशिकी, जनसंख्या जीनोमिक्स, विकासवादी जीवविज्ञान और आनुवंशिक विकारों से जुड़े शोध को प्रोत्साहित करना है।

——वैज्ञानिक ज्ञान को सभी के लिए सुलभ बनाना उद्देश्य : डॉ. बसु

अध्ययन का नेतृत्व करने वाले डॉ. बसु ने कहा कि वैज्ञानिक ज्ञान खुला, सुलभ और साझा होना चाहिए। एचपीडीबी के माध्यम से इसी सोच को साकार करने का प्रयास किया गया है। उम्मीद है कि यह डेटाबेस मानव विविधता, विकास और स्वास्थ्य से जुड़ी वैज्ञानिक समझ को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

वहीं, वीएस सुंदराजन ने बताया कि यह डेटाबेस पूरी तरह ओपन-एक्सेस है और कोई भी चिकित्सक, शोधकर्ता या विद्यार्थी इसका निःशुल्क उपयोग कर सकता है। इसके लिए बायोक्लूज.ओआरजी की वेबसाइट पर जाकर जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इसमें उपलब्ध सरल और उन्नत सर्च विकल्पों की मदद से किसी विशेष जीन या आनुवंशिक वेरिएंट से जुड़ी जानकारी आसानी से हासिल की जा सकती है।

—वैश्विक शोध समुदाय के लिए महत्वपूर्ण संसाधन : प्रो. राजीव रमन

बीएचयू के सेंटर फॉर जेनेटिक डिसऑर्डर्स के संस्थापक निदेशक प्रो. राजीव रमन ने कहा कि एचपीडीबी का विकास मानव पिगमेंटेशन से संबंधित वैज्ञानिक ज्ञान को व्यवस्थित और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान है। यह वैश्विक शोध समुदाय के लिए एक उपयोगी संसाधन साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल केंद्र की आनुवंशिकी अनुसंधान को बहुविषयक और सहयोगात्मक तरीके से आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता को भी मजबूत करती है।

शोधार्थियों और विद्यार्थियों को मिलेगा विशेष लाभ : डॉ. अख्तर अली

केंद्र के समन्वयक डॉ. अख्तर अली ने कहा कि एचपीडीबी का विकास सहयोगात्मक अनुसंधान के महत्व को दर्शाता है। यह निःशुल्क संसाधन शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों को पिगमेंटेशन से जुड़े जीन और आनुवंशिक वेरिएंट्स की जानकारी एकीकृत रूप में उपलब्ध कराएगा। इससे विभिन्न मानव आबादियों की आनुवंशिक विविधता और आनुवंशिक विकारों पर भविष्य में होने वाले शोध को नई दिशा मिलेगी।

—समय-समय पर अपडेट होगा डेटाबेस

बीएचयू की शोध टीम की योजना इस डेटाबेस को समय-समय पर अपडेट करने और इसमें नई वैज्ञानिक जानकारियां जोड़ने की है। इससे एचपीडीबी को पिगमेंटेशन जेनेटिक्स, मानव विकास, जनसंख्या आनुवंशिकी और मेडिकल जेनेटिक्स के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण वैश्विक ज्ञान संसाधन के रूप में विकसित किया जा सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी