बीएचयू के राजीव गांधी दक्षिण परिसर में सीजीएसई प्लेसमेंट ड्राइव
प्रतिभाशाली छात्रों को सीजीएसई ने चुना
वाराणसी,22 अप्रैल (हि.स.)। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के राजीव गांधी दक्षिणी परिसर में बुधवार को सेंटर फॉर सस्टेनेबल ग्रीन इकोनामी (सीजीएसई) प्री प्लेसमेंट टॉक एवं इंटर्नशिप का आयोजन किया गया। सीजीएसई के सीईओ अरविंद माधव सिंह (रिटायर्ड आईएफएस ऑफिसर, बैच 1986) ने छात्रों के साथ करियर के विभिन्न आयाम पर चर्चा की।
इस पहल ने छात्रों को एक प्रमुख वैश्विक संस्थान के साथ आशाजनक करियर की संभावनाएं सुरक्षित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया। अध्यक्ष डॉ. त्रियुगी नाथ के मार्गदर्शन में प्री प्लेसमेंट टॉक एवं इंटर्नशिप का आयोजन और निष्पादन समर्पित प्लेसमेंट समिति के सदस्यों, डॉ. विवेक मिश्रा, डॉ. श्रुति सिंह, डॉ. आलोक, डॉ. पल्लवी और डॉ. वेद जायसवाल ने किया। कार्यक्रम में एग्रीकल्चर, एग्रो फारेस्ट्री, इंवायरमेंटल साइंस एवं स्वायल साइंस एंड वाटर कंजर्वेशन के प्रतिभागियों ने उत्सापूर्वक भाग लिया।
चयन प्रक्रिया में प्री-प्लेसमेंट टॉक, व्यक्तिगत साक्षात्कार (पीआई) चरण सहित एक कठोर मूल्यांकन शामिल था, जिसे उम्मीदवारों की योग्यता, संचार कौशल और सीजीएसई के भीतर विभिन्न भूमिकाओं के लिए उपयुक्तता का आकलन करने के लिए डिज़ाइन किया गया था। व्यापक मूल्यांकन के बाद प्रतिभाशाली छात्रों को सीजीएसई ने चुना।
इस अवसर पर आचार्य प्रभारी प्रो. बी.एम.एन. कुमार एवं कैंपस प्लेसमेंट सेल के समन्वयक डॉ. त्रियुगी नाथ ने चयनित छात्रो और सीजीएसई टीम, प्लेसमेंट सेल के सदस्यों का आभार जताया।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी