बीएचयू स्थित अटल इन्क्यूबेशन सेन्टर और कौशल परिषद के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर

 


वाराणसी, 15 मई (हि.स.)। काशी हिंदू विश्वविद्यालय स्थित अटल इनक्यूबेशन केंद्र और बीएफएसआई क्षेत्र कौशल परिषद (बीएफएसई-एसएससी) ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस रणनीतिक साझेदारी के तहत अटल इन्क्यूबेशन सेन्टर परिसर में बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं और बीमा क्षेत्र के लिए समर्पित उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किया जाएगा। बीएफएसआई क्षेत्र कौशल परिषद राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) के अंतर्गत कार्यरत है। यह पहल देश में बीएफएसआई (बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं और बीमा) क्षेत्र में नवाचार, कौशल विकास और उद्यमिता को गति प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। प्रस्तावित उत्कृष्टता केंद्र का उद्देश्य बीएफएसआई-केंद्रित स्टार्टअप्स और नवप्रवर्तकों को मेंटरशिप, क्यूरेटेड शैक्षिक संसाधन, प्रोटोटाइपिंग सुविधाएं तथा उद्योग नेटवर्क तक पहुंच उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से स्टार्टअप्स को भविष्योन्मुखी व्यवसाय मॉडल विकसित करने हेतु संस्थागत सहयोग और विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। यह उत्कृष्टता केंद्र हैकथॉन, उद्योग संगोष्ठियों, कौशल प्रमाणन गतिविधियों तथा क्यूरेटेड स्टार्टअप जैसे सहयोगात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर बीएफएसआई नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करेगा। इसकी प्रमुख विशेषताओं में बीएफएसआई उद्योग के विशेषज्ञों द्वारा संरचित मेंटरशिप, क्षेत्र-विशेष शिक्षण संसाधन एवं कार्यशालाएं, तथा पायलट परियोजनाओं और संस्थागत साझेदारियों के अवसर शामिल हैं। समझौता ज्ञापन पर अटल इन्क्यूबेशन सेन्टर की ओर से आचार्य प्रभारी प्रो. पी.वी. राजीव, तथा डॉ. नंद लाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, ने हस्ताक्षर किए। वहीं बीएफएसआई-एसएससी की ओर से सौम्य रंजन, मुख्य परिचालन अधिकारी, तथा सचिन शुक्ला, उत्पाद एवं विशेष परियोजनाओं के प्रमुख हस्ताक्षरकर्ता रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी