अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बीएचयू केन्द्रीय पुस्तकालय में पुस्तक प्रदर्शनी का शुभारम्भ
— प्रदर्शनी प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक खुलेगी
वाराणसी, 20 जून (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के सयाजी राव गायकवाड़ ग्रन्थालय (केन्द्रीय पुस्तकालय) में छह दिवसीय योग विषयक विशेष पुस्तक प्रदर्शनी की शुरूआत शनिवार से हुई। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने पुस्तक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। यह पुस्तक प्रदर्शनी 25 जून तक साइबर लाइब्रेरी अध्ययन केंद्र, केन्द्रीय पुस्तकालय के सेमिनार हॉल में आयोजित है। प्रदर्शनी प्रतिदिन पूर्वांह दस बजे से सायं काल पॉच बजे तक खुली रहेगी। उद्घाटन के पश्चात कुलपति ने पुस्तक प्रदर्शनी का भ्रमण किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसी प्रदर्शनी विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को योग के महत्व, उसके दर्शन तथा जीवन में उसके सकारात्मक प्रभावों के बारे में जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है तथा इसके व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता है। पुस्तकालयाध्यक्ष, केन्द्रीय पुस्तकालय डॉ. देवेन्द्र कुमार सिंह ने प्रदर्शित योग विषयक पुस्तकों, शोध ग्रन्थों, पत्रिकाओं तथा दुर्लभ पाण्डुलिपियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
उन्होंने विश्वविद्यालय में उपलब्ध मुद्रित एवं इलेक्ट्रॉनिक संसाधनों के साथ-साथ योग साधना तथा भारत सरकार के विभिन्न योग केन्द्रों से संबंधित उपयोगी स्रोतों की भी जानकारी दी। प्रदर्शनी में योग, योग एवं अध्यात्म, योग एवं स्वास्थ्य, योग दर्शन, योग एवं रोग-निवारण, योग के विविध आयाम, तथा योग के क्षेत्र में स्वामियों एवं संतों के योगदान जैसे विषयों से संबंधित पुस्तकों, शोध ग्रन्थों, पत्रिकाओं एवं दुर्लभ पाण्डुलिपियों का प्रदर्शन किया गया है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित यह प्रदर्शनी सयाजीराव गायकवाड़ ग्रन्थालय के समृद्ध एवं बहुमूल्य संग्रह को भी प्रदर्शित करती है। यह प्रदर्शनी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ बाहरी आगंतुकों के लिए भी खुली रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी