बीएचयू के पत्रकारिता और जन संप्रेषण विभाग के छात्र सीखेंगे डिजिटल फिल्म मेकिंग,यूजिंग ड्रोन
विद्यार्थी दो दिवसीय कार्यशाला में एआई के बदलते परिवेश से भी होंगे रूबरू
वाराणसी,05 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), पत्रकारिता और जनसंप्रेषण विभाग के तत्वावधान में सोमवार 6 अप्रैल से कला संकाय के प्रेमचंद सभागार में दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
कार्यशाला में पत्रकारिता के छात्र डिजिटल फिल्म मेकिंग, यूजिंग ड्रोन सीखेंगे। छात्रों को बदलते परिवेश में एआई तकनीक का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। एपीजे इंस्टीट्यूट ऑफ़ मास कम्युनिकेशन नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला का समन्वय विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ बाला लखेन्द्र करेंगे। कार्यशाला में सह समन्वयक डॉ धीरेंद्र कुमार राय और आयोजन सचिव छात्र सलाहकार डॉ शैलेंद्र कुमार सिंह बनाए गए है।
कार्यशाला समन्वयक डॉ बाला लखेंद्र ने रविवार को बताया कि स्नातक और परास्नातक में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को डिजिटल फिल्म मेकिंग के साथ एआई के बदलते परिवेश में ड्रोन द्वारा फिल्म मेकिंग के बारे में भी उन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यशाला का उद्घाटन बीएचयू कुलपति प्रोफेसर अजीत कुमार चतुर्वेदी करेंगे। वहीं, उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता कला संकाय की प्रमुख प्रो.सुषमा घिल्डियाल करेंगी।
उद्घाटन सत्र में छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो. रंजन कुमार सिंह, एपीजे इंस्टीट्यूट के निदेशक प्रो. सजल मुखर्जी, डीआईएल पानीपत की निदेशक प्रशिक्षण प्रोफेसर प्रेरणा डावर सलूजा, विषय विशेषज्ञ प्रोफेसर मुदिता राज, प्रोफेसर नवीन गौतम, प्रोफेसर अंकित कुमार मलयन भी शामिल होगी।
उन्होंने बताया कि दो दिनों तक चलने वाले इस कार्यशाला में फिल्म निर्माण के विविध तकनीकी पक्षों पर व्यावहारिक और सैद्धांतिक जानकारियां भी प्रदान दी जाएगी।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी