बीएचयू  की नई पहल : शिक्षकों व  शोधार्थिंयों के लिए फुल ब्राइट कार्यक्रम, मिलेगी जानकारी

 


--फुलब्राइट कार्यक्रम के लिए विश्वविद्यालय ने किया समिति का गठन

वाराणसी, 08 अप्रैल (हि. स.) l काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू ) ने शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों को वैश्विक शैक्षणिक अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित करने तथा मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की है। विश्वविद्यालय ने फुलब्राइट कैंपस प्रतिनिधि समिति का गठन किया है। यह समिति फुलब्राइट-नेहरू फेलोशिप से संबंधित जानकारी का प्रसार करने, उपयुक्त अभ्यर्थियों की पहचान एवं प्रोत्साहन देने तथा आवेदकों को मार्गदर्शन प्रदान करने का कार्य करेगी।

समिति फुलब्राइट-नेहरू फेलोशिप के संदर्भ में यूनाइटेड स्टेट्स-इंडिया एजुकेशनल फाउंडेशन के साथ समन्वय स्थापित करेगी। साथ ही विश्वविद्यालय के विभिन्न सदस्यों एवं पात्र अभ्यर्थियों से जुड़कर जागरूकता सत्र, ओरिएंटेशन बैठकें एवं सूचना कार्यशालाओं के माध्यम से उन्हें लाभान्वित करेगी।

बुधवार को यह जानकारी देते हुए बीएचयू के जनसम्पर्क अधिकारी प्राेेफेसर राजेश सिंह ने बताया कि जागरूकता गतिविधियों के अंतर्गत समिति ने वर्ष 2027–28 की फुलब्राइट-नेहरू फेलोशिप के बारे में विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों को अवगत कराने के लिए बीते मंगलवार को एक सत्र आयोजित किया था । कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने फुलब्राइट कार्यक्रम के व्यापक वैश्विक प्रभाव को बताया l उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम से विश्व भर में 4,50,000 से अधिक प्रतिभागी जुड़े हैं, जिनमें विभिन्न देशों के शासनाध्यक्ष एवं नोबेल पुरस्कार विजेता भी शामिल रहे हैं। उन्होंने दशकों से कार्यक्रम के विस्तृत प्रभाव एवं समयानुकूल प्रासंगिकता की सराहना की।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम से संबंधित संवाद को सुव्यवस्थित एवं केंद्रीकृत करने के लिए विश्वविद्यालय द्वारा एक समर्पित फुलब्राइट ई-मेल आईडी बनाई गई है। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को उपलब्ध अवसरों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय समुदाय इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के लाभों का पूर्ण उपयोग करेगा।

फुलब्राइट कार्यक्रम, अमेरिकी कांग्रेस एवं सहभागी सरकारों द्वारा समर्थित एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक विनिमय पहल है, जिसके अंतर्गत संयुक्त राज्य अमेरिका में अध्ययन, शोध, अध्यापन एवं व्यावसायिक विकास के अवसर प्रदान किए जाते हैं। फुलब्राइट-नेहरू फेलोशिप भारत सरकार एवं संयुक्त राज्य अमेरिका सरकार द्वारा संयुक्त रूप से वित्तपोषित है।

विश्वविद्यालय द्वारा गठित फुलब्राइट कैंपस प्रतिनिधि समिति के अध्यक्ष विज्ञान संस्थान के निदेशक होंगे। भूगोल विभाग के प्रो. अमित कुमार, इतिहास विभाग के प्रो. आशुतोष कुमार, तथा वनस्पति विज्ञान विभाग के डॉ. प्रशांत सिंह समिति के सदस्य बनाए गए हैं। उप कुलसचिव समिति के सचिव होंगे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी