बीएचयू परिसर से वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाली विद्युत बस सेवा प्रारम्भ
—बसों का संचालन दो मार्गों पर किया जाएगा
वाराणसी, 11 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू )परिसर के विश्वनाथ मंदिर से वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाली बहुप्रतिक्षित विद्युत बस सेवा गुरूवार से शुरू हो गई। सुबह पहली विद्युत बस विश्वविद्यालय परिसर स्थित विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र में पहुंची, जिसके साथ इस सेवा का औपचारिक शुभारम्भ हुआ।
विश्वविद्यालय के जनसम्पर्क कार्यालय के अनुसार बसों का संचालन दो मार्गों पर किया जाएगा। मार्ग संख्या E-111 बीएलडब्ल्यू मार्ग होते हुए और मार्ग संख्या E-103 सिगरा मार्ग होते हुए बस चलेगी। बताया गया कि यात्रियों की सुविधा एवं खर्च को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय परिसर के भीतर यात्रा का किराया 10 रूपये निर्धारित किया गया है। वहीं, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय एवं वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के मध्य यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए मार्ग एवं दूरी के अनुसार 20 से 25 रूपये तक का किराया निर्धारित किया गया है।
बताया गया कि सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं आमजन के लिए सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत यह नई बस सेवा की शुरुआत की गई है। इस योजना के अंतर्गत आठ विद्युत बसें इस मार्ग पर संचालित की जाएगी, जिससे विश्वविद्यालय के हजारों विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों तथा आम नागरिकों की यात्रा सुगम होगी। वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के सहयोग से प्रारम्भ की गई यह पहल यात्रियों को पर्यावरण-अनुकूल, किफायती एवं सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराने के साथ-साथ हरित ऊर्जा को प्रोत्साहित करने तथा विश्वविद्यालय और शहर के मध्य बेहतर संपर्क की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी