अक्षय तृतीया पर काशी में भगवान जगन्नाथ के रथ का हुआ पूजन
वाराणसी, 20 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया अक्षय तृतीया पर सोमवार को नाथों के नाथ भगवान जगन्नाथ के रथ का विधि विधान से पूजा अर्चन किया गया।
ट्रस्ट श्री जगन्नाथ के सचिव शैलेश त्रिपाठी के अनुसार प्रतिवर्ष वैशाख शुक्ल पक्ष की तृतीया पर भगवान जगन्नाथ जिस रथ पर रथारूढ़ होकर रथयात्रा मेले में भक्तों को दर्शन देते हैं उस रथ का वेद मंत्रों के बीच विधि विधान से पूजा अर्चन किया जाता है। प्रतिवर्ष की भांति सायंकाल ट्रस्ट श्री जगन्नाथ के संयोजन में शापुरी परिवार, ट्रस्ट के अध्यक्ष व पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह, उनके (खुद सचिव शैलेश त्रिपाठी ) की देखरेख में मंदिर के प्रधान पुजारी राधेश्याम पांडेय ने विधि विधान से रथ का पूजन किया। इस अवसर पर ट्रस्ट के ट्रस्टी उत्कर्ष श्रीवास्तव ने रथ की आरती की। पूजन अर्चन के दौरान काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। परंपरा के अनुसार वैशाख शुक्ल पक्ष के तृतीया अक्षय तृतीया पर भगवान के रथ का पूजन अर्चन होता है और वैशाख शुक्ल पक्ष पूर्णिमा को भगवान का असि स्थित जगन्नाथ मंदिर में जलाभिषेक भक्तों द्वारा किया जाता है। जिसके बाद वह बीमार पड़ते हैं और एक पखवाड़े तक बीमार रहने के पश्चात स्वास्थ्य लाभ के लिए मनफेर के लिए सैर पर निकलते है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी