वाराणसी में शाम को हुई झमाझम बारिश, तापमान लुढ़का

 




—बारिश में भी गंगा आरती देखने के लिए डटे रहे श्रद्धालु

वाराणसी, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में सोमवार शाम को तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश से शहर की गलियों में जहां कीचड़ से फिसलन हो गई। वहीं,अधिकतम पारा भी लुढ़क गया। बारिश से कुछ देर के लिए विद्युत आपूर्ति भी हो गई। हालांकि बारिश के लिए मौसम विभाग ने पहले ही अलर्ट किया था। शाम को बारिश के बावजूद गंगाघाटों पर गंगा आरती देखने के लिए श्रद्धालु डटे रहे।

दशाश्वमेधघाट स्थित गंगा सेवा निधि,प्राचीन दशाश्वमेधघाट स्थित गंगोत्री सेवा निधि,श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वयार (ललिताघाट),अस्सीघाट पर गंगा आरती देखने के लिए श्रद्धालु डटे रहे। इसके पहले सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही का रूख बना रहा। कभी बदली तो कभी धूप के बावजूद वातावरण में नमी का स्तर बना रहा। अपराह्न बाद बादलों की सक्रियता बढ़ती गई। आने वाले एक दो दिनों में मौसम में उतार चढ़ाव रहने की संभावना है। आद्रता बढ़ने पर बूंदाबादी भी होने की संभावना जताई गई है।

सोमवार रात 09 बजे अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं,आद्रता 76 फीसद और हवा की रफ्तार 14 किमी प्रतिघंटा रही। इसी तरह पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 06 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान भी 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम बदला है। प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश,आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। 4 से 7 मई के बीच 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी