वाराणसी : बरेका के पांच स्केटरों का राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप के लिए चयन

 


—12वीं उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में बरेका के खिलाड़ियों ने 10 स्वर्ण सहित जीते 18 पदक

वाराणसी, 04 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) की रोलर स्पीड स्केटिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्थान एवं वाराणसी जनपद का गौरव बढ़ाया है। ग्रेटर नोएडा में 22 से 26 अक्टूबर, 2026 तक उत्तर प्रदेश रोलर स्केटिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 12वीं उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में वाराणसी जनपद की ओर से बरेका अकादमी के नौ खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 10 स्वर्ण, 5 रजत एवं 3 कांस्य सहित 18 पदक अपने नाम किए। बुधवार को यह जानकारी बरेका के जनसम्पर्क अधिकारी राजेश कुमार ने दी। बताया कि शानदार करने वालों संस्थान के खिलाड़ियों में कर्ष श्रेष्ठ – 1 कांस्य पदक,रुद्रांश विश्वकर्मा – 2 स्वर्ण पदक,निहिरा त्रिपाठी – 2 स्वर्ण पदक, इशिका उपाध्याय – 1 स्वर्ण एवं 2 रजत पदक,अक्षय दीप उपाध्याय – 1 स्वर्ण एवं 2 रजत पदक,फर्जाम हुसैन – 3 स्वर्ण पदक,अर्चना उपाध्याय – 1 स्वर्ण, 2 रजत एवं 1 कांस्य पदक है।

——— राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए बरेका के पांच खिलाड़ियों का चयन

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर बरेका के पांच स्केटरों का चयन आगामी राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप के लिए किया गया है। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 5 से 15 दिसंबर, 2026 तक कर्नाटक के बेंगलुरु में आयोजित होगी। चयनित खिलाड़ियों में निहिरा त्रिपाठी,अक्षय दीप उपाध्याय,इशिका उपाध्याय,फर्जाम हुसैन और अर्चना उपाध्याय है। ये प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता में बरेका टीम के कोच फर्जाम हुसैन रहे, जबकि टीम मैनेजर के रूप में सीमा एवं अभिषेक उपाध्याय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

बरेका संस्थान के अंतर्गत संचालित रोलर स्पीड स्केटिंग अकादमी के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर संस्थान सचिव आलोक सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी