पश्चिम बंगाल में भाजपा की लगातार बढ़त पर काशी में उल्लास, पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर उतरे, मनाया विजय उत्सव

 


—नईसड़क गीता मंदिर के पास भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के थाप पर थिरक की आतिशबाजी

वाराणसी, 04 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सोमवार को मतगणना के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड जीत दिलाने वाली लगातार बढ़त देख वाराणसी में पार्टी कार्यकर्ता दोपहर बाद से ही सड़कों पर उतर जगह-जगह जीत का जश्न मनाने लगे।

15 साल तक लगातार संघर्ष के बाद जीत मिलने पर भावुक कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को बधाई देने के साथ आतिशबाजी के बाद ढ़ोल नगाड़़े की थाप पर थिरक एक दूसरे को मिष्ठान भी खिलाई। शहर के नई सड़क स्थित गीता मंदिर के पास भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल के नेतृत्व में जीत का जश्न मनाया। आतिशबाजी के बीच कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पोस्टर को प्रतीक रूप से मिठाई खिला 'भारत माता की जय' तथा “जय श्रीराम” का नारा भी लगाया।

इस दौरान उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जीत है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों में जनता का भरोसा बढ़ रहा है। पश्चिम बंगाल में मिली प्रचंड जीत उन सभी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के मेहनत का परिणाम है, जिन्होंने पार्टी के लिए काम किया और जनता के बीच बने रहे। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत ने वाराणसी में भी एक नई ऊर्जा का संचार किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी