सोमवती अमावस्या पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में अविमुक्तेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक

 




—दरबार में दर्शन पूजन के लिए अलसुबह से ही शिवभक्तों की उमड़ रही भीड़

वाराणसी, 15 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में ज्येष्ठ अधिकमास के सोमवती अमावस्या पर सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में स्थित श्री अविमुक्तेश्वर महादेव का विधि विधान से रुद्राभिषेक किया किया। इसमें शिवभक्तों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। रूद्राभिषेक के दौरान धाम परिसर हर—हर महादेव के उद्घोष से गुंजायमान रहा।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के संकल्प के अनुसार, हर सोमवार को रुद्राभिषेक और संकल्प पाठ की अटूट परंपरा बिना किसी रुकावट के जारी है। सोमवार को भी मंदिर ट्रस्ट ने एक खास मकसद के लिए विशेष संकल्प के साथ धाम स्थित श्री अविमुक्तेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक किया गया। उधर, पुरूषोत्तम मास के सोमवती अमावस्या पर दर्शन पूजन के शिवभक्त अलसुबह से ही श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन पूजन के लिए पहुंचते रहे। दशाश्वमेध घाट पर गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु पूरे आस्था के साथ धाम में जलाभिषेक के लिए पहुंचते रहे। कड़ाके की धूप और गर्मी में भी श्रद्धालु दर्शन पूजन के लिए कतारबद्ध रहे। श्रद्धालु अपनी बारी आने पर दर्शन पूजन करते रहे। सोमवती अमावस्या पर हजारों लोगों ने अपने घरों में भी पूरे आस्था और श्रद्धा के साथ रूद्राभिषेक कराया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी