महाशिवरात्रि: त्रंयबकेश्वर से आएगा बाबा विश्वनाथ के सगुन की हल्दी, 13 को चढ़ेगी
—बाबा को लगेगी सगुन की हल्दी, रंगभरी एकादशी तक चलेगा मांगलिक अनुष्ठानों का क्रम
वाराणसी, 04 फरवरी (हि.स.)। देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी में महाशिवरात्री पर्व पर शिव विवाह से पूर्व बाबा विश्वनाथ को सगुन की हल्दी चढ़ेगी। इस लोक परम्परा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। लोक परम्परा के अनुसार इस बार 13 फरवरी को सांयकाल टेढ़ीनीम स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के पूर्व महंत आवास पर बाबा विश्वनाथ की पंचबदन चल प्रतिमा को विधि-विधानपूर्वक सगुन की हल्दी लगेगी।
सिद्धपीठ बड़ी शीतला माता मंदिर के उप महंत अवशेष पाण्डेय (कल्लू महाराज) ने बताया कि काशी की लोक परम्परा अनुसार प्रत्येक वर्ष काशीवासीयों द्वारा बाबा के सगुन का दायित्व निभाया जाता है। इस बार महाशिवरात्री 15 फरवरी (रविवार) के पूर्व 13 फरवरी शुक्रवार को काशीपुराधीश्वर बाबा विश्वनाथ को अर्पित करने के लिये सगुन की हल्दी सिद्धपीठ बड़ी शीतला माता मंदिर के महंत परिवार ने नासिक के त्रयंबकेश्वर से मंगाया है।
काशी शिव बारात समिति के महामंत्री दिलीप सिंह ने बताया लोक मान्यता के अनुसार बसंत पंचमी से बाबा के सगुन से जुड़े उत्सवों की श्रृंखला प्रारम्भ होती है। जिसमें काशीवासी बाबा के राजसी स्वरूप में श्रद्धा अर्पित करते हैं। टेढ़ीनीम स्थित महंत आवास पर सम्पन्न होने वाले आयोजन की विशिष्ट परम्परा है, जिसमें बाबा विश्वनाथ की पंचबदन चल प्रतिमा को विशेष रूप से सुसज्जित कर वैदिक विधि-विधान के साथ पुजन अर्चन कर लोक परम्परा निभाई जाती है। यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि काशी की सांस्कृतिक विरासत और लोकआस्था का जीवंत उदाहरण भी है।
महाशिवरात्रि पर शिव बारात निकलने के पूर्व शिव बारात समिति की महिलायें शुक्रवार को बाबा को सगुन हल्दी अर्पित करेगी। महंत पं. वाचस्पति तिवारी ने बताया आवास में सगुन से जुड़ी परम्पराएं सैकड़ाें वर्ष प्राचीन है। उन्होंने बताया कि 13 फरवरी को बाबा की चल प्रतिमा पर हल्दी चढ़ाने से सम्बंधित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बांसफाटक धर्म-निवास स्थित श्रीयंत्र पीठम से नासिक के त्र॔यंबकेश्रर आयी हल्दी टेढ़ीनीम महंत आवास तक लाया जाएगा। बड़ी शीतला माता मंदिर के महंत शिवप्रसाद पाण्डेय ‘लिंगिया महाराज’ के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार, पारम्परिक वाद्य यंत्रों और भक्तिमय वातावरण के बीच शिव बारात समिति द्वारा बाबा की हल्दी व भोग प्रसाद टेढ़ीनीम महंत आवास तक पहुंचाई जाएगी।
—11 वैदिक ब्राह्मणों द्वारा होगा विशेष पूजन
महंत आवास पर होने वाले आयोजन से सम्बंधित शिवांजलि के संयोजक संजीव रत्न मिश्र ने बताया कि बाबा को सगुन की हल्दी चढ़ाने के पहले महंत आवास पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न कराया जाएगा। परिवार की वरिष्ठ सदस्य मोहिनी देवी के सानिध्य में महंत वाचस्पति तिवारी द्वारा 11 वैदिक ब्राह्मणों के साथ बाबा विश्वनाथ की पंचबदन प्रतिमा का विशेष पूजन किया जाएगा। पूजन के उपरांत बाबा का परम्परागत एवं भव्य श्रृंगार किया जाएगा, जिसमें काशी की पारम्परिक धार्मिक शैली की झलक देखने को मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी