काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव का भव्य हिम हरियाली शृंगार,मंदिर में उमड़े भक्त

 


वाराणसी,06 अगस्त (हि.स.)। सावन मास में उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी (काशी) के कोतवाल बाबा कालभैरव का गुरूवार को भव्य हिम व हरियाली शृंगार किया गया। मंदिर परिसर से लेकर लेकर बाबा के गर्भगृह को अशोक की पत्तियों और विभिन्न फूलों से संजाया गया । बाबा के विग्रह का विशेष शृंगार बर्फ की सिल्ली से किया गया, जिसे देखने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ती रही। श्रद्धालुओं के गगनभेदी जयकारे से मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंजता रहा। इस वार्षिक आयोजन के दौरान बाबा कालभैरव के विग्रह का 11 वैदिक ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंचामृत अभिषेक किया। इसके बाद बाबा को स्वर्ण मुखौटा, रजत छत्र और अष्टधातु के आभूषणों से अलंकृत कर दिव्य स्वरूप में विराजमान किया गया। मंदिर के मुख्य द्वार को भी अशोक और कामिनी की पत्तियों, रंग-बिरंगे फूलों तथा आकर्षक विद्युत झालरों से भव्य रूप से सजाया गया। प्रातः 3 बजे मंगला आरती से शुरू हुए धार्मिक अनुष्ठान देर रात तक चलते रहेंगे। मध्यरात्रि 12 बजे मंदिर के सेवक पवन उपाध्याय बाबा की महाआरती संपन्न कराएंगे। श्रावण मास में आयोजित इस विशेष शृंगार और धार्मिक अनुष्ठान ने बाबा कालभैरव मंदिर को भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर कर दिया है। श्रद्धालु बाबा का दिव्य दर्शन कर घर परिवार,देश और समाज के लिए सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी