अश्विन पूर्णिमा पर हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा में लगाई आस्था की डुबकी,किया दान पुण्य

 


वाराणसी,26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में अश्विन पूर्णिमा (शरद पूर्णिमा) पर सोमवार को हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और दानपुण्य किया। अश्विन पूर्णिमा पर स्नान के लिए श्रद्धालु भोर से ही गंगा तट पर पहुंचने लगे। गंगा स्नान करने वालों की भीड़ प्राचीन दशाश्वमेधघाट,शीतलाघाट,पंचगंगाघाट और सामने घाट पर रही। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद दानपुण्य किया और निकट के मंदिरों में दर्शन पूजन किया। इस दौरान गंगाघाटों पर हर-हर महादेव व हर-हर गंगे के जयघोष गूंजते रहे।

बताते चले आश्विन पूर्णिमा (शरद पूर्णिमा) तिथि 25 अक्टूबर, रविवार को पूर्वांह 11:55 मिनट पर लगी। जो आज 26 अक्टूबर सोमवार को पूर्वांह 9:41 मिनट तक रही। दशाश्वमेध घाट के तीर्थ पुरोहित विनय चौबे के अनुसार चंद्रोदय कार्तिक कृष्ण प्रतिपदा तिथि में हो रहा है, इस वजह से अश्विन पूर्णिमा का व्रत 25 अक्टूबर रविवार को रखा गया। प्रदोष काल में माता लक्ष्मी और चंद्रमा की पूजा के बाद गंगा स्नान श्रद्धालुओं ने उदयातिथि सोमवार को किया।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी