जबलपुर बरगी डैम क्रूज हादसे में मृत नागरिकों की आत्मा की शांति के लिए काशी में विशेष प्रार्थना

 


—अस्सीघाट पर मृतकों के परिजनों को मानसिक बल मिले, सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ

वाराणसी, 02 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में हुए भीषण क्रूज हादसे से धर्म नगरी काशी शोकाकुल है। हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है, की आत्मा की शांति के लिए शनिवार को वाराणसी के अस्सी घाट पर गंगा आरती के दौरान विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई। गंगा आरती के उपरांत अर्चकों और बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने के लिए मां गंगा से सामूहिक प्रार्थना की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने एक स्वर में हनुमान चालीसा का पाठ कर पीड़ित परिवारों के लिए मानसिक संबल की कामना की।

गंगा आरती से जुड़े विकास पांडेय ने बताया कि पीड़ित परिवारों को इस दुख की घड़ी में साहस और मानसिक बल मिले इसके लिए मां गंगा के तट पर हनुमान चालीसा और शांति पाठ का आयोजन किया गया। काशी की जनता और आरती में आए श्रद्धालुओं ने पीड़ित परिवारों को इस दुख से उबरने के लिए मौन प्रार्थना की और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार शाम बरगी बांध में आए अचानक तूफान और तेज लहरों के बीच पर्यटकों से भरी क्रूज नाव पलट गई थी, जिसमें अब तक नौ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव कार्य में सेना, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) तथा राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमें लगातार जुटी हुई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी