श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के अन्नपूर्णा रसोईघर में पीएनजी आपूर्ति का शुभारंभ

 


वाराणसी, 17 अप्रैल(हि. स.)। गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर स्थित अन्नपूर्णा रसोईघर में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति का शुभारंभ किया है। यह मंदिर परिसर में पीएनजी का पहला कनेक्शन है, जो स्वच्छ ऊर्जा अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उक्त जानकारी श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के कार्यकारी अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा की ओर से दी गई है।

विश्वभूषण मिश्रा ने गेल लिमिटेड को धन्यवाद करते कहा कि यह कनेक्शन कई चुनौतियों का सामना करने के पश्चात मात्र नौ दिनों के रिकॉर्ड समय में स्थापित किया गया। पाइपलाइन को अत्यंत संकरी और भीड़भाड़ वाली गलियों से गुजरते हुए बिछाया गया, जहाँ अत्यधिक पैदल आवागमन, भूमिगत सेवाओं की बहुलता और सीमित कार्यस्थल जैसी बाधाएँ थीं। सुनियोजित योजना और कड़े सुरक्षा मानकों के अनुपालन के साथ टीम ने निर्धारित समय में कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया।

वही, गेल लिमिटेड की ओर से विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि अन्नपूर्णा रसोई घर, जहाँ प्रतिदिन लगभग 15 हजार श्रद्धालुओं के लिए भोजन तैयार किया जाता है, पहले प्रतिदिन लगभग 15 वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों (लगभग 450 प्रति माह) पर निर्भर था। अब गेल द्वारा पीएनजी आपूर्ति शुरू होने से यहाँ पर एलपीजी का पूर्णतः स्थानापन्न हो गया है, जिससे सिलेंडरों पर निर्भरता समाप्त हो गई है और एक स्वच्छ, सुरक्षित एवं अधिक कुशल ऊर्जा स्रोत की ओर सहज परिवर्तन संभव हुआ है ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद