हर आंगनवाड़ी समाज के अपनत्व से निरन्तर मजबूत हो, यही प्रधानमंत्री का संदेश :अन्नपूर्णा देवी

 


— केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी के साथ काशी से नौवें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का किया शुभारंभ

वाराणसी, 09 सितंबर (हि.स.)। केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ संयुक्त रूप से वाराणसी में नौवें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का शुभारंभ किया। सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि आज काशी से पोषण माह के राष्ट्रीय संकल्प को पूरे देश में हम आगे बढ़ा रहे हैं। शास्त्र कहते हैं शुद्ध और संतुलित आहार ही जीवन का आधार है। यह जनभागीदारी से पूर्ण होगा। इसमें समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपनी सक्रिय भागीदारी निभा सकता है। यह अभियान विकसित भारत के लिए अहम पड़ाव है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि हर आंगनवाड़ी समाज के अपनत्व से निरन्तर मजबूत हो यही हमारी सरकार तथा प्रधानमंत्री का संदेश है।

केन्द्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने उत्तर प्रदेश में अभियान की सफलता के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों को सराहा। केन्द्रीय मत्री ने कहा कि पिछले बारह वर्षों में विरासत के साथ विकास अभियान में नए आयाम स्थापित किए हैं। आज देश भर में 14 लाख केंद्रों से स्वस्थ भारत के निर्माण की प्रमुख भूमिका निभाई जा रही है। दो लाख केंद्रों को सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र के रूप में स्थापित किया जा रहा है। स्वस्थ परिवार के लिए मां का स्वस्थ होना सबसे जरूरी है, तभी आने वाली पीढ़ी सशक्त होगी। उत्तर प्रदेश भारत के जीरो टॉलरेंस की नीति से बहनों के लिए भय युक्त माहौल तैयार किया है। आज वूमेन वर्क पार्टिसिपेशन 12 (2017 में) से बढ़कर 36 प्रतिशत से ज्यादे हुआ है। होम विजिट के माध्यम से स्वच्छता को विकसित किया गया है। पूरे अभियान की सबसे मजबूत नींव आंगनवाड़ी दीदियां हैं। उन्होंने कहा कि सरकार केवल नीति बनाती है लेकिन घरों तक पहुंचाना आपके बिना संभव नहीं है।

समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि पोषण अभियान की शुरुआत काशी की धरती से होना अपने आप में बड़ी बात है, क्योंकि यहीं पर मां अन्नपूर्णा मौजूद हैं, उनकी कृपा से इस पोषण अभियान को सफलता मिलेगी। उन्होंने पूरी यात्रा में आंगनवाड़ी बहनों के योगदान को रेखांकित करते हुए उनके कार्यों की प्रशंसा भी की। कार्यक्रम में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य ने बताया कि अभियान का लक्ष्य आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल पोषणा वितरण तक सीमित न रखकर बच्चों के समग्र विकास का केंद्र बनाना है। उन्होंने सेम व मेम बच्चों को पोषण देकर सामान्य बच्चों की श्रेणी में लाने पर आंगनवाड़ी कार्यकर्तियों के प्रयासों को सराहा। मंत्री ने कहा कि पोषण केवल भोजन की उपलब्धता नहीं बल्कि ये भोजन की गुणवत्ता तथा पौष्टिक आहारों की मौजूदगी होना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में जन भागीदारी आवश्यक है। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बटन दबाकर पोषण अभियान की शुभारंभ किया।

इससे पहले सचिव महिला एवं बाल विकास अनिल मलिक ने मुख्य अतिथि केन्द्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी को अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प एवं पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ दयाशंकर मिश्र दयालु, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, बाल पुष्टाहार राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव आदि भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी