वाराणसी में अलविदा की नमाज कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्वक संपन्न
वाराणसी,13 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में पाक रमजान माह के अंतिम जुमे पर शुक्रवार को ज्ञानवापी सहित अन्य मस्जिदों में कड़ी सुरक्षा के बीच अकीदत व एहतराम के साथ अलविदा की नमाज पढ़ी गई। अलविदा की नमाज के बाद इमाम ने जब पढ़ा ‘अलविदा, अलविदा या शहरे रमजान…..’ तो नमाजियों की आंखें मुकद्दस रमजान के बीत जाने के गम में छलक उठीं। खुदा की बारगाह में रोजेदारों ने परवरदिगार से घर परिवार ,कारोबार,समाज, देश में अमन-चैन और तरक्की की दुआएं भी मांगी।
शहर के सभी मस्जिदो, इबादतगाहों में मौलानाओं ने विदा हो रहे रमजान को लेकर तकरीर की। तकरीर में कहा कि खुशनसीब हैं हम सब कि परवरदिगार ने इस मुकद्दस माह अता फरमाया। इसके पूर्व रमजान के आखिरी अशरे के जुमे पर अलविदा की नमाज को लेकर रोजेदारों में सुबह से ही उत्साह दिखा। नदेसर जामा मस्जिद, लंगड़े हाफिज मस्जिद नई सड़क, शिया जामा मस्जिद दारानगर, लाट सरैया मस्जिद के अलावा पुलिस लाइन, अर्दली बाजार, दोषीपुरा, मुकीमगंज, बड़ी बाजार, पीलीकोठी, दालमंडी, हड़हा सराय, मदनपुरा, रेवड़ी तालाब, बजरडीहा आदि इलाकों की मस्जिदों में भी नमाज पढ़ी गई।
अजान के बाद सभी मस्जिदें नमाजियों से भर गई थीं। भीड़ ज्यादा होने के कारण काफी संख्या में नमाजियों को दूसरी मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए जाना पड़ा। मस्जिदों में नमाजियों के लिए वजू के लिए इंतजाम किया गया था। मस्जिद प्रबंधन कमेटियों की ओर से दरी, चटाई, शामियाना, पानी की भी व्यवस्था की गई थी। उधर, जिले में अलविदा की नमाज के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे।
शहर और ग्रामीण अंचल के संवेदनशील इलाकों, मिश्रित आबादी वाले मोहल्लों में पुलिस बल पूर्वांह से ही गश्त करने लगी। सभी छोटी-बड़ी मस्जिदों के बाहर पूर्वांह से ही फोर्स की तैनाती रही। अलविदा की नमाज के मद्देनजर अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरि मीणा ने फोर्स के साथ संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। चौकाघाट से नाटीइमली, दोसीपुरा, कज्जाकपुरा आदि क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस तैनाती, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था की जानकारी ली। ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों से महत्वपूर्ण स्थलों की निगरानी की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी