बनारस बार के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने गंगा में शराब पीने की पुलिस आयुक्त से की शिकायत
वाराणसी, 22 मई (हि. स.)।
वाराणसी में गंगा नदी में शराब पीने का वीडियो सामने आने पर
दी बनारस बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शशांक शेखर त्रिपाठी ने वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल से शिकायत दर्ज कराया है और मुकदमा लिखे जाने की मांग की है।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष शशांक शेखर त्रिपाठी ने कहा कि मां गंगा सनातन धर्म में केवल एक नदी नहीं बल्कि “मां गंगा” के रूप में पूजनीय एवं आराध्य मानी जाती हैं। गंगा तट हिंदू समाज के लिए आस्था, पूजा, तप, साधना एवं मोक्ष का पवित्र केंद्र है। ऐसे पवित्र धार्मिक स्थल पर खुलेआम शराब सेवन कर उसका प्रदर्शन करना स्पष्ट रूप से धार्मिक भावनाओं को आहत करने, सामाजिक वैमनस्य उत्पन्न करने तथा धार्मिक वातावरण को दूषित करने का प्रयास प्रतीत होता है।
शशांक शेखर त्रिपाठी ने कहा कि यह अत्यंत गंभीर विषय है क्योंकि हाल ही में मां गंगा के संदर्भ में धार्मिक भावनाएं आहत करने वाले एक प्रकरण में इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए गंभीर टिप्पणियां भी की गई थीं। यह स्पष्ट किया गया था कि गंगा एवं हिंदू धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामलों को हल्के में नहीं लिया जा सकता। इसके बावजूद भी इस प्रकार का दुस्साहसपूर्ण एवं उकसाऊ कृत्य किया जाना अत्यंत आपत्तिजनक है। उक्त वीडियो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से प्रसारित होने पर लोगों को इसका संज्ञान हो रहा है जिससे व्यापक जनाक्रोश एवं धार्मिक भावनाओं में आक्रोश उत्पन्न होना स्वाभाविक है। यदि समय रहते ऐसे कृत्यों पर कठोर वैधानिक कार्यवाही नहीं की गई तो भविष्य में असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ सकता है तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति भी प्रभावित हो सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद