नमो घाट पर गरजे भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान, करतब देख काशीवासी रोमांचित

 


वाराणसी, 23 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ पर वाराणसी में आयोजित 'विंग्स ओवर गंगा' एयरशो में शुक्रवार को भी नमोघाट पर गंगा नदी के उपर वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने करतब दिखाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस ऐतिहासिक एयर शो में उत्तर प्रदेश के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ एवं प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित होकर एरियल डिस्प्ले का अवलोकन किया। दोनों मंत्रियों ने एक साथ बैठकर आकाश में फाइटर जेट्स की गर्जना और तिरंगे के रंगों के साथ अद्भुत फॉर्मेशन को देखा और वायुसेना के शौर्य को सलाम किया।

इस अवसर पर मंत्री रवींद्र जायसवाल एवं डॉ. दयालु ने संयुक्त रूप से कहा कि भारतीय वायुसेना हमारे देश की शान है। आज काशी की धरती पर वायुसेना के शौर्य और पराक्रम को देखकर हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। भाजपा नेताओं के अनुसार वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह की ओर से दोनों मंत्रियों को आमंत्रित किया गया था। मंत्री द्वय ने पूर्वांह 11 बजे नमो घाट पर एयर शो देखा। बताते चले भारतीय वायुसेना का मुख्य एयर शो 24 और 25 अक्टूबर को पुनः आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित देश के कई विशिष्ट जन शामिल होंगे। यह वाराणसी के लिए गौरव का क्षण है कि मुख्य आयोजन से पूर्व काशी में भी इस भव्य एरियल डिस्प्ले का आयोजन किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी