शिवसेना के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गगरियों में गंगाजल लेकर काशी विश्वनाथ का किया जलाभिषेक

 


वाराणसी, 07 अगस्त(हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद वाराणसी में लक्सा स्थित पार्क से शिवसेना के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जयकारा जुलूस निकालते हुए गंगा नदी के तट तक पहुंच कर अपने गगरियों में गंगाजल लेकर श्री काशी विश्वनाथ महादेव का जलाभिषेक किया।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने के बाद बाहर निकले शिवसेना के स्थानीय प्रमुख अजय ने कहा कि ज्ञानवापी परिसर में जिस प्रकार माता श्रृंगार गौरी का दर्शन वर्षभर में एक बार निर्धारित किया जाता रहा है। उसी प्रकार सावन माह में ज्ञानवापी परिसर में नमाज पर रोक लग जानी चाहिए। सावन के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त श्रद्धालु अपने श्री काशी विश्वनाथ महादेव के दर्शन के लिए आते हैं। जिला प्रशासन को श्रद्धालुओं की भावनाओं का भी ध्यान रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वर्ष में सावन के पावन अवसर पर शिव सेना के कार्यकर्ताओं का जलाभिषेक कार्यक्रम तय होता ही है। आज बाबा विश्वनाथ को जल समर्पित कर जगत के कल्याण की कामना की गई है। बाबा विश्वनाथ और तेजी से अपने लक्ष्य तक पहुंचने के संकल्प पूरा कराए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद