देश व प्रदेश सरकार की मंशा, महिलाओं और युवाओं के हाथों में हो हुनर - मनीष असीजा
फिरोजाबाद, 17 सितंबर (हि.स.)। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत बृहस्पतिवार को वृहद टूल किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन सदर विधायक मनीष असीजा, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य की उपस्थिति में नगर निगम के पालिवाल हॉल में आयोजित हुआ।
विश्वकर्मा जयन्ती एवं प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर टूल किट वितरण का कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि सदर विधायक मनीष असीजा और जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत लाभार्थियों को टूल किट एवं प्रोत्साहन उपहार वितरित किए।
अब इस योजना के तहत पारम्परिक 11 ट्रेडों जैसे बढ़ई, दर्जी, कुम्हार, लौहार, नाई, राजमिस्त्री, सुनार, धोबी को बढ़ा कर अब 25 ट्रेड कर दिया है। अब इसमें मुर्तीकार, मालाकार, दूधवाला, मछुआरा जैसे पारम्परिक ट्रेडों के साथ साथ मोबाइल मरम्मत एवं आटो मोबाइल, इलैक्ट्रॉनिक मरम्मत, बिजली कार्य, कम्प्यूटर मरम्मत, ब्यूटी पार्लर जैसे आधुनिक ट्रेडों को भी शामिल किया गया है।
प्रशिक्षण प्राप्त लाभार्थियों को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए 10 लाख तक ऋण की व्यवस्था की गयी है, जिससे वह रोजगार मांगने के वजाय वह रोजगार देने वाले बन सके। इस अवसर पर सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि देश व प्रदेश सरकार की मंशा है कि देश की महिलाओं और युवाओं के हाथों में हुनर हो, विश्वकर्मा सम्मान योजना के तहत मिलने वाली यह टूल किट व सिलाई मशीनें स्वरोजगार का सशक्त माध्यम बन रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अब अपने हुनर को बाजार तक पहुंचाने की आवश्यकता है। आस पास के विद्यालयों व स्थानीय मांग के अनुसार कार्य कर महिलाऐं अपनी आय में वृद्धि कर सकती है। सिलाई और हस्तशिल्प हमेशा से भारतीय संस्कृति और परिवारों का हिस्सा रहा है, जिसे अब व्यवसाई रूप दिया जा सकता है।
इस अवसर पर 10 दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 525 महिला लाभार्थियों को सिलाई मशीन एवं टूल किट वितरित की गयी तथा इनके बैंक खातों में 4500 रुपए की राशि सीधे भेजी गयी। इसी के साथ मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना एवं ओडीओपी योजना के अंतर्गत 20 लाभार्थियों को चैक वितरित किए गए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सुदर्शन कुमार व उपायुक्त उद्योग संध्या उपस्थित रहीं ।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़