शरद पूर्णिमा पर मां विंध्यवासिनी के दरबार में उमड़े लाखाें श्रद्धालु
मीरजापुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। आश्विन शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि के अवसर पर रविवार को मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए विंध्यधाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। विंध्य पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी के अनुसार, दो लाख से अधिक भक्तों ने मां के दरबार में मत्था टेका। भोर से ही मंदिर की ओर जाने वाली गलियों में लंबी कतारें लग गईं।
श्रद्धालुओं ने पहले गंगा घाटों पर स्नान किया। इसके बाद नारियल, चुनरी और प्रसाद लेकर दर्शन के लिए कतारबद्ध हुए। मां के भव्य श्रृंगार और आरती के बाद दर्शन का क्रम शुरू हुआ। भक्तों ने झांकी और गर्भगृह से दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर स्थित हवन कुंड और मंदिर के गुंबद की परिक्रमा करने वालों की भी भीड़ रही।
मां विंध्यवासिनी के दर्शन के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु अष्टभुजा पहाड़ी पर मां अष्टभुजी देवी और महाकाली के दरबार पहुंचे। देवी मंदिरों की फूलों से सजावट आकर्षण का केंद्र रही। घंटा-घड़ियाल, शंख, डमरू और शहनाई की गूंज से पूरा धाम भक्तिमय बना रहा। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने विंध्याचल की दुकानों से प्रसाद और पूजन सामग्री की खरीदारी भी की।
भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों और मेटल डिटेक्टर से निगरानी की गई। मेला क्षेत्र में पुलिस और पीएसी के जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा