युवक ने लाठी से ताेड़े आधा दर्जन वाहनाें के शीशे, वृद्ध पर भी किया हमला
मीरजापुर, 12 जून (हि.स.)। विंध्याचल थाना क्षेत्र के स्टेट बैंक चौराहे पर शुक्रवार पूर्वाह्न उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक हाथ में लाठी लेकर सड़क पर निकल पड़ा और श्रद्धालुओं की खड़ी कारों पर उसने ताबड़तोड़ हमला कर दिया। युवक ने आधा दर्जन से अधिक वाहनों के शीशे तोड़ दिए और विरोध करने पर एक वृद्ध पर भी हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक पिछले दो दिनों से अपनी पत्नी के साथ स्टेट बैंक चौराहे के समीप एक होटल में ठहरा हुआ था। वह सामान्य रूप से बाजार में घूम रहा था और होटल तथा दुकानों पर भुगतान भी कर रहा था। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अचानक उसका व्यवहार बदल गया और वह लाठी लेकर रेलवे स्टेशन रोड पर पहुंच गया।
बताया जाता है कि सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान मार्ग किनारे खड़ी श्रद्धालुओं की कारों को युवक ने निशाना बनाते हुए एक-एक कर कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद उसने चौराहे पर मौजूद हरिदास बाबा उर्फ टोटक बाबा निवासी प्रयागराज पर हमला कर दिया। लाठी से किए गए कई वारों में बाबा गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने किसी तरह युवक को काबू में कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल बाबा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बताया कि उनके दाहिने हाथ की दो अंगुलियां टूट गई हैं तथा सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना में राजस्थान से दर्शन-पूजन के लिए आए श्रद्धालु कजोड़मल शर्मा की कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने बताया कि परिवार के साथ मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए आए थे और होटल के बाहर वाहन खड़ा था। अचानक युवक ने लाठी से हमला कर कार का शीशा तोड़ दिया।
प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार सिंह ने बताया कि युवक से पूछताछ कर घटना के कारणों की जांच कर रही है। अभी तक हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
दो दिन से पत्नी संग होटल में ठहरा था युवक
स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपित युवक आजमगढ़ जिले का रहने वाला है और पिछले दो दिनों से पत्नी के साथ विंध्याचल में ठहरा हुआ था। घटना से पहले उसके व्यवहार में कोई असामान्यता दिखाई नहीं दी थी, जिससे अचानक हुए इस हमले ने सभी को हैरान कर दिया।
श्रद्धालुओं में दहशत
घटना के बाद कुछ देर के लिए स्टेशन रोड और स्टेट बैंक चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वाहन क्षतिग्रस्त होने से बाहर से आए श्रद्धालुओं में भी नाराजगी और दहशत देखी गई। पुलिस ने लोगों को शांत कराते हुए जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा