नवरात्र मेले की सुरक्षा कड़ी, एटीएस की नजर में पूरा विंध्यधाम
मीरजापुर, 21 मार्च (हि.स.)। विंध्याचल धाम में चल रहे चैत्र नवरात्र मेले की सुरक्षा व्यवस्था इस बार बेहद सख्त कर दी गई है। पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी एटीएस के हवाले कर दी गई है, वहीं पुलिस प्रशासन चप्पे-चप्पे पर तैनात नजर आ रहा है।
मां विंध्यवासिनी मंदिर परिसर, एंट्रेंस प्लाजा, परिक्रमा पथ, पुरानी व नई वीआईपी रोड के साथ गंगा घाटों तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एटीएस के जवान लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। रेलवे स्टेशन, रोडवेज और त्रिकोण परिक्रमा मार्ग पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
एटीएस टीम प्रभारी आनंद कुमार की अगुवाई में 18 सदस्यीय टीम, जिसमें महिला व पुरुष दोनों शामिल हैं, 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था में तैनात है। नवरात्र के तीसरे दिन उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए जवानों ने दिनभर सतर्कता के साथ निगरानी की।
मेला क्षेत्र में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मॉनिटरिंग एंट्रेंस प्लाजा की छत पर बने कंट्रोल रूम से की जा रही है। इसके अलावा सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जो श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ उनकी मदद में भी जुटे हैं। प्रशासन का दावा है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए हर संभव इंतजाम किए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा