सनातन संस्कृति का वैश्विक केंद्र बनेगा विंध्यधाम : लक्ष्मण आचार्य
- असम के राज्यपाल ने परिवार संग मां विंध्यवासिनी के दरबार में लगाई हाजिरी, किया श्रृंगार दर्शन
- बोले- धार्मिक स्थलों का विकास संस्कृति-संस्कार व आध्यात्मिक चेतना के संवर्धन का माध्यम
मीरजापुर, 14 नवंबर (हि.स.)। मां विंध्यवासिनी के दरबार में आस्था की अनुभूति और विंध्यधाम के बदले स्वरूप का वैभव देखकर असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य भावविभोर हो उठे। उन्होंने कहा कि शक्तिपीठ की ऐतिहासिक गरिमा, आध्यात्मिक महत्ता और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के अनुरूप विंध्यधाम का विकास हुआ है। यह परिवर्तन केवल एक धार्मिक स्थल का कायाकल्प नहीं, बल्कि भारतीय सनातन संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक चेतना को नई ऊंचाई देने वाला प्रयास है। इसके लिए उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना की।
मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन करने परिवार संग विंध्याचल आए राज्यपाल ने कहा कि यहां आकर उनका मन आनंद और प्रसन्नता से भर गया है। वह पहले भी मां के दर्शन के लिए आते रहे हैं। पूर्व में श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब विकास कार्यों के चलते भक्त सहजता और सुगमता से मां के दर्शन कर पा रहे हैं। विंध्यधाम का वर्तमान स्वरूप शक्तिपीठ की गरिमा के अनुरूप दिखाई देता है।
सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक चेतना की आधारशिला है भारत की आध्यात्मिक परंपरा
उन्होंने कहा कि भारत की आध्यात्मिक परंपरा उसकी सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक चेतना की आधारशिला है। धार्मिक स्थलों का विकास समाज में आध्यात्मिकता का संचार करने के साथ ही संस्कारों को पुष्ट करता है। शक्ति की आराधना मनुष्य को आत्मिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और श्रेष्ठ कर्मों की प्रेरणा देती है। ऐसे तीर्थस्थल केवल पूजा-अर्चना के केंद्र नहीं, बल्कि पीढ़ियों को अपनी सभ्यता, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने वाले जीवंत संस्थान हैं।
विंध्यधाम में आस्था, अध्यात्म और विकास का सुंदर समन्वय
राज्यपाल ने कहा कि विंध्यधाम में आस्था, अध्यात्म और विकास का सुंदर समन्वय दिखाई दे रहा है। यहां आने वाला श्रद्धालु केवल दर्शन ही नहीं करता, बल्कि भारतीय संस्कृति की उस सनातन चेतना से भी जुड़ता है, जो समाज को सद्भाव, सेवा, समर्पण और संस्कारों का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि विंध्यधाम के विकास को देखकर वह अत्यंत आनंदित हैं और इसके लिए प्रदेश सरकार को बधाई देते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा