महानगरों जैसी सुविधाओं से सजा विंध्याचल स्टेशन, 17 जुलाई को हो सकता है लोकार्पण
मीरजापुर, 11 जुलाई (हि.स.)। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नवनिर्मित विंध्याचल रेलवे स्टेशन का उद्घाटन आगामी 17 जुलाई को होने की संभावना है। संभावित उद्घाटन कार्यक्रम को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि रेलवे की ओर से आधिकारिक कार्यक्रम की घोषणा अभी होना बाकी है।
करीब 26 करोड़ रुपये की लागत से विंध्याचल स्टेशन का कायाकल्प किया गया है। स्टेशन भवन को आधुनिक स्वरूप देने के साथ इसका बाहरी डिजाइन भी आकर्षक बनाया गया है। स्टेशन के शिखर पर बनाए गए तीन गुंबदों की कलाकृति विंध्य क्षेत्र के त्रिकोण पर विराजमान तीनों देवियों को समर्पित है, जो इसकी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को दर्शाती है।
नवनिर्मित स्टेशन में नए टिकट काउंटर, पूछताछ केंद्र, यात्री सुविधा केंद्र, प्रतीक्षालय, आधुनिक शौचालय, सीसीटीवी कंट्रोल रूम तथा अन्य यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं। प्लेटफॉर्म नंबर एक का विस्तार किया गया है। वहीं सर्कुलेटिंग एरिया में पार्किंग, दो पार्क, एलईडी प्रकाश व्यवस्था और शौचालय का निर्माण कराया गया है। स्टेशन से विंध्यवासिनी मंदिर जाने वाले मार्ग पर 40 फीट ऊंचा भव्य प्रवेश द्वार भी बनाया गया है।
एडीआरएम (परिचालन) एमएम वारिस ने शनिवार को स्टेशन का निरीक्षण कर प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया में शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान निर्माण विभाग सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा