विंध्याचल-मैहर रेल लाइन से खुलेंगे विकास के नए रास्ते
मीरजापुर, 28 नवंबर (हि.स.)। मां विंध्यवासिनी और मां शारदा के दरबार को रेलमार्ग से जोड़ने की मांग फिर तेज हो गई है। विंध्याचल से मैहर तक नई रेल लाइन बिछाने की परियोजना को आगामी केंद्रीय बजट में शामिल करने की मांग उठाई गई है। क्षेत्रीय लोगों का मानना है कि इस रेलमार्ग के निर्माण से धार्मिक पर्यटन के साथ विंध्य क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
भाजपा मंडल हलिया के उपाध्यक्ष मनीष कुमार सोनी ने इस संबंध में प्रधानमंत्री, केंद्रीय रेल मंत्री और मुख्यमंत्री याेगी को पत्र भेजा है। उन्होंने संसद के आगामी बजट सत्र में विंध्याचल-मैहर रेल लाइन परियोजना को मंजूरी देने और इसके लिए बजट आवंटित करने की मांग की है।
मनीष सोनी का कहना है कि दोनों प्रमुख शक्तिपीठों के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होने से श्रद्धालुओं को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। अभी दोनों धामों की यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर रेल संपर्क का इंतजार है। नई रेल लाइन बनने से बीच के क्षेत्रों में रेलवे स्टेशन विकसित होने की संभावना भी बनेगी। उन्होंने कहा कि परियोजना से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ व्यापारिक गतिविधियां तेज होंगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें आगामी केंद्रीय बजट पर टिकी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा