साइकिल पर सवार हुए विंध्याचल पार्षद, बोले—सरकार से मोहभंग
मीरजापुर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। अपने बेबाक बयानों से अक्सर सुर्खियों में रहने वाले विंध्याचल के पार्षद अवनीश मिश्र ने मंगलवार को बड़ा राजनीतिक कदम उठाते हुए समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। उन्होंने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में वह सपा में शामिल हुए।
एक निजी लॉन में आयोजित पत्रकार वार्ता में पार्षद ने कहा कि वर्तमान सरकार की कार्यप्रणाली से नाराज होकर उन्होंने साइकिल की सवारी करने का निर्णय लिया है। उनका आरोप था कि सरकारी कर्मचारी बेलगाम हो चुके हैं और अधिकारियों का उन पर नियंत्रण नहीं है। माघ मेले के दौरान बटुकों के साथ हुए दुर्व्यवहार का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि दोषी अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
नगर की बदहाल सड़कों, ‘हर घर जल’ योजना में पानी न पहुंचने और सरकारी अस्पतालों की स्थिति पर भी उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सपा सर्व समाज को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है और जाति-धर्म का भेदभाव नहीं करती। विंध्याचल में मांस बिक्री पर रोक की मांग को लेकर विधायक रत्नाकर मिश्र पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि यह मांग पहले उठनी चाहिए थी और त्रिकोण परिक्रमा पथ पर भी प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।
चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह पार्टी के एक छोटे सिपाही हैं और राष्ट्रीय नेतृत्व का जो आदेश होगा, उसका पालन करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा